रांची : रांची जिला पुलिस बल में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। एसएसपी कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार कुल 459 पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण कर दिया गया है। स्थानांतरित किए गए जवानों में 391 पुरुष और 68 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। एसएसपी कार्यालय रांची से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिसकर्मियों को उनकी वर्तमान तैनाती से हटाकर जिले के विभिन्न थानों, ओपी (आउटपोस्ट), रिजर्व गार्ड और अन्य पुलिस इकाइयों में पदस्थापित किया गया है। सभी को तुरंत नए स्थान पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
Read More : रांची ट्रांसपोर्ट नगर से बदलेगी परिवहन व्यवस्था, जाम से मिलेगी राहत
डीएपी से लेकर रिजर्व गार्ड तक की बदली तैनाती
जारी आदेश में डीएपी (DAP), एच डीएपी (H DAP), एल डीएपी (L DAP) और ओआर (OR) श्रेणी के जवान शामिल हैं। शुरुआती सूची में डीएपी श्रेणी के जवानों का तबादला किया गया है, जिनमें दयानंद कुमार, संजीव कुमार, राकेश कुमार, अरुण कुमार, रवि कुमार, अमित कुमार, मनोज उरांव, राजेश कुमार, सुशील कुमार और विकास कुमार समेत कई पुलिसकर्मियों के नाम शामिल हैं। आगे की सूची में राजेंद्र प्रसाद यादव, राजीव पी. सिंह, सुरेश कुमार, अजीत कुमार, नरेश कुमार और प्रकाश कुमार जैसे जवानों के नाम हैं, जिन्हें अलग-अलग थाना रिजर्व गार्ड में भेजा गया है। आदेश में हर नाम के सामने संबंधित पुलिसकर्मी की वर्तमान और नई पदस्थापना स्पष्ट रूप से दर्शायी गई है।
68 महिला पुलिसकर्मियों का भी हुआ ट्रांसफर
इस प्रशासनिक फेरबदल में 68 महिला पुलिसकर्मियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। महिला पुलिसकर्मियों में अर्चना देवी, कविता देवी, प्रतिमा देवी, रंजना देवी, सुनीता कुमारी, पूनम देवी और अंजलि कुमारी समेत कई नाम शामिल हैं। महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती विभिन्न महत्वपूर्ण थाना क्षेत्रों में की गई है। इनमें मुख्य रूप से महिला थाना, कोतवाली, सदर, डोरंडा, अरगोड़ा और जगन्नाथपुर समेत कई पुलिस प्रतिष्ठान और थाने शामिल हैं।
कई थानों के रिजर्व गार्ड और लाइन में बदलाव
जारी आदेश के तहत रांची के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका बदल दी गई है। कई जवानों को एक थाना रिजर्व गार्ड से दूसरे थाना रिजर्व गार्ड में भेजा गया है। वहीं, कुछ पुलिसकर्मियों का पदस्थापन पुलिस लाइन, ट्रैफिक (यातायात), महिला थाना और अन्य विशेष पुलिस इकाइयों में किया गया है।






