पाकुड़ : झारखंड में शिक्षा व्यवस्था के स्तर और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर राजनीति गरमा गई है। बुधवार को पाकुड़ जिला मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों के समर्थन में आयोजित इस आंदोलन का नेतृत्व राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने किया।
Read More : रांची हिनू में कार टक्कर के बाद विवाद, 15 युवकों पर केस दर्ज
लड्डू बाबू आम बागान से समाहरणालय तक निकला जुलूस
भाजपा कार्यकर्ताओं का विशाल जुलूस शहर के लड्डू बाबू आम बागान से शुरू होकर समाहरणालय (कलेक्ट्रेट) पहुंचा। समाहरणालय के मुख्य द्वार पर कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए थे। समाहरणालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर पाकुड़ के एसडीपीओ कुमार गौरव और थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता भारी पुलिस बल के साथ तैनात रहे।
‘JSSC-JPSC परीक्षा में हुई धांधली की हो सीबीआई जांच’
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और राज्य की नौकरियां बेची जा रही हैं। मरांडी ने जेएसएससी (JSSC) और जेपीएससी (JPSC) परीक्षाओं में हुई धांधली का उल्लेख करते हुए कहा कि जब हजारों छात्र शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे, तो सरकार ने उन पर लाठीचार्ज करवाया और फर्जी मुकदमे दर्ज किए। उन्होंने इन परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों की सीबीआई (CBI) जांच कराने की मांग दोहराई। इसके साथ ही उन्होंने सरकार पर गिट्टी, बालू और खनिजों की लूट-खसोट का आरोप लगाया।
कलेक्ट्रेट में घुसकर आंदोलन करने की चेतावनी, सौंपा ज्ञापन
बाबूलाल मरांडी ने सरकार को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भाजपा की मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के भीतर घुसकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए अगर लाठी खानी पड़े या जेल जाना पड़े, तो भी वे पीछे नहीं हटेंगे। कार्यक्रम में पूर्व विधायक दिनेश विलियम्स मरांडी, प्रदेश मंत्री कृष्णा महतो, जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू, निवास मंडल, मीरा प्रवीण सिंह और मिस्फिका हसन सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। प्रदर्शन के अंत में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिला महामंत्री रूपेश भगत, चंपा शाह, पिंकी मंडल और रतन भगत समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।






