नई दिल्ली : पीएम नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को एक विशेष राष्ट्रव्यापी ‘संकल्प सेवा अभियान’ चलाने का ऐलान किया है। पार्टी के अनुसार, PM मोदी की जनसेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा निरंतर जारी है। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रेस वार्ता कर प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल की उपलब्धियों को रेखांकित किया और अभियान की रूपरेखा साझा की।
Read More : धोनी के फार्म हाउस में मिला कोबरा, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
’25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए, देश हुआ नक्सलवाद से मुक्त’
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि वर्ष 2014 में जब PM मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनी थी, तब देश में निराशा का माहौल था। उन्होंने दावा किया कि बीते वर्षों में मोदी सरकार के प्रयासों से करीब 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है। नितिन नवीन ने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण देश अब पूरी तरह से नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है और वैश्विक पटल पर भारत की साख तथा सम्मान में भारी वृद्धि हुई है।
17 सितंबर से शुरू होगा 20 दिवसीय सेवा अभियान
PM मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को भाजपा ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाएगी। इस दिन से ‘संकल्प सेवा अभियान’ की शुरुआत होगी, जो वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक चलाया जाएगा। लगभग 20 दिनों तक चलने वाली यह सेवा यात्रा देश के 10 राज्यों से होकर गुजरेगी, जिसमें प्रतिदिन 5 से 7 अलग-अलग जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
दीया जलाने से लेकर जनप्रतिनिधियों के सम्मान तक का पूरा प्लान
भाजपा द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार :
17 सितंबर: शाम 7 बजे देशभर में दीया जलाकर प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया जाएगा और ‘सेवा दिवस’ मनाया जाएगा।
2 अक्टूबर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर देशभर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
7 अक्टूबर: देश के विभिन्न हिस्सों में ‘ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी।
17 अक्टूबर: पंचायत स्तर से लेकर संसद तक के सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का भव्य सम्मान किया जाएगा।
पार्टी का कहना है कि इन सभी आयोजनों का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा, सुशासन और विकास के प्रति दिए गए योगदान को देश के कोने-कोने तक पहुंचाना है।






