नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के आगामी भारत दौरे से ठीक पहले बीसीसीआई (BCCI) की जूनियर चयन समिति ने भारतीय U19 स्क्वॉड में बड़ा फेरबदल किया है। राजकोट और अहमदाबाद में खेले जाने वाले मुकाबलों के लिए टीम में चुने गए रोहित यादव को उम्र में धांधली के आरोप के चलते टीम से बाहर कर दिया गया है। वनडे टीम में रोहित यादव की जगह सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के आर्यन सवसनी और मल्टी-डे (चार दिवसीय) टीम में हरियाणा के तन्मय बलोदा को शामिल किया गया है।
Read More : JPSC केस में अभय तिवारी को राहत नहीं, जमानत पर फैसला सुरक्षित
उम्र में 27 महीने की गड़बड़ी, 3 बार बदला जन्म का साल
बीसीसीआई के आधिकारिक बयान के अनुसार, बंगाल का प्रतिनिधित्व कर चुके रोहित यादव के दस्तावेजों की जब क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) ने जांच की, तो उनकी असली और दर्ज उम्र में 27 महीने का भारी अंतर पाया गया। इतना ही नहीं, जांच में यह भी उजागर हुआ कि उनके जन्म का साल तीन बार बदला गया था। हाल ही में श्रीलंका दौरे पर इंडिया U19 टीम का हिस्सा रहे रोहित यादव को इस गंभीर अनियमितता के बाद तुरंत प्रभाव से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटों को मिली जगह
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस घरेलू सीरीज के लिए चुनी गई भारतीय U19 वनडे टीम में पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और पूर्व भारतीय कप्तान व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को मौका दिया गया है। अन्वय को मुख्य रूप से विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, ये दोनों युवा खिलाड़ी मल्टी-डे मुकाबलों के लिए घोषित टीम का हिस्सा नहीं हैं।
ऑस्ट्रेलिया U19 के खिलाफ भारत का अपडेटेड स्क्वॉड
वनडे मैचों के लिए अपडेटेड भारत U19 टीम : लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), यशबर्धन चौहान (उपकप्तान), रजत बघेल (विकेटकीपर), आर्यवीर सहवाग, V.K. विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), वी. यशवीर, शाविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकट, काव्या पटेल, आर्यन सवासानी।
मल्टी-डे (चार दिवसीय) मैचों के लिए अपडेटेड भारत U19 टीम : यशबर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी (उपकप्तान), सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मनल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), अभिप्राय विश्वास (विकेटकीपर), ईशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उलवा, आर्यन यादव, तन्मय बलोदा।






