राँची: केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत जारी स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में राजधानी रांची 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में 27वें स्थान पर रही, जिसका स्कोर 162.5 रहा. रांची की तुलना में धनबाद का प्रदर्शन कहीं बेहतर रहा. धनबाद 174.5 अंकों के साथ 17वें स्थान पर रहकर रांची से आगे निकल गया. वहीं औद्योगिक नगरी जमशेदपुर को 147.3 अंकों के साथ 36वां स्थान प्राप्त हुआ.
also read : बंगाल : दुर्गापूजा समितियों को एक लाख रुपए का अनुदान, अष्टमी को शराबबंदी, डीजे पर प्रतिबंध
इससे पहले केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEFCC) ने सोमवार को नई दिल्ली में स्वच्छ वायु दिवस 2026 का आयोजन किया. सोमवार को ही अंतर्राष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस भी मनाया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (NGT) के अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि के रूप में की. इस अवसर पर मंत्रालय ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के अंतर्गत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शहरों और वार्डों को पुरस्कृत किया. इन्हें पांचवें स्वच्छ वायु सर्वेक्षण के तहत रैंकिंग दी गई थी, जिसमें शहरों द्वारा वायु प्रदूषण कम करने के प्रयासों, उनकी प्रभावशीलता और परिणामों का आकलन किया गया. सर्वेक्षण में रांची नगर निगम के वार्ड 26, 29 और धनबाद के वार्ड 15 को सबसे स्वच्छ वार्डों में शामिल किया गया.
रांची नगर निगम के वार्ड 29 और 26 ने पाई जगह
पूरे शहर की रैंकिंग में भले ही रांची पीछे रही हो, लेकिन वार्ड स्तर पर शहर के दो हिस्सों ने बेहतर प्रदर्शन किया है. राज्य स्तरीय वार्ड रैंकिंग में 30 हजार से अधिक आबादी वाली श्रेणी में रांची नगर निगम का वार्ड-29 शामिल हुआ. वहीं 10 हजार से 30 हजार आबादी वाली श्रेणी में वार्ड-26 ने अपनी जगह बनाई. धनबाद नगर निगम के अंतर्गत वार्ड 15 ने 10 हजार से कम आबादी वाली श्रेणी में जगह बनाई है.
नगर निगम के अधिकारियों की मानें तो वार्ड स्तर पर इन दोनों की मौजूदगी रांची नगर निगम के लिए सकारात्मक संकेत है. इससे यह भी स्पष्ट होता है कि शहर के कुछ हिस्सों में स्वच्छ वायु और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े प्रयासों का असर अब दिखाई देने लगा है.
वायु प्रदूषण को कम करने और हवा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए जारी होता है सर्वेक्षण
बता दें कि केंद्रीय मंत्रालय स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 देश के शहरों में वायु प्रदूषण को कम करने और हवा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए जारी करता है. इसके तहत राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत शहरों द्वारा उठाए गए कदमों, जैसे सड़क की धूल, कचरा प्रबंधन, वाहनों और उद्योगों से होने वाले प्रदूषण को रोकना, का आकलन किया जाता है. वहीं, वायु गुणवत्ता सुधारने में बेहतरीन काम करने वाले शीर्ष शहरों और वार्डों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित कर पुरस्कार दिया जाता है.
also read :हाड़ी कोरवा महिला बसंती ने एक साथ तीन बच्चों को दिया जन्म, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ






