कोलकाता :-बंगाल सरकार इस वर्ष दुर्गापूजा समितियों के लिए एक लाख रुपए का वैकल्पिक सरकारी अनुदान देगी. साथ ही कहा है कि दुर्गा पूजा में अष्टमी के दिन शराब दुकानें और बार बंद रहेंगे. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को पूजा समितियों के साथ तैयारियों के लिए समीक्षा बैठक के बाद यह घोषणा की. हालांकि, उन्होंने बड़े बजट वाली पूजा समितियों से सरकारी आर्थिक सहायता नहीं लेने की अपील की है. मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन छोटी पूजा समितियों के लिए सरकारी सहायता के बिना पूजा आयोजित करना मुश्किल है, उन्हें एक लाख रुपए का अनुदान दिया जायेगा. इस अनुदान के लिए पूजा कमेटियों को स्थानीय थाने में आवेदन करना होगा.मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गा पूजा या विसर्जन के दौरान राज्य में कहीं भी डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी. राष्ट्रीय राजमार्गों को भी पूजा आयोजन या जुलूस के कारण बाधित नहीं किया जा सकेगा. अष्टमी के दिन राज्यभर में शराब की सभी दुकानों के साथ-साथ बार भी बंद रहेंगे.
पूजा कमेटियों को नहीं देना होगा बिजली बिल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पूजा कमेटियों से बिजली के लिए कोई शुल्क नहीं लेगी. ममता सरकार के दौरान राज्य में कोलकाता में पूजा कमेटियों को बिजली शुल्क पर 80 फीसदी की छूट मिलती थी, जबकि जिलों में बिजली शुल्क नहीं ली जाती थी. कोलकाता समेत पूरे राज्य में पूजा समितियों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने के लिए विद्युत वितरण कंपनियों से बातचीत हो चुकी है. अग्निशमन विभाग भी अनुमति के लिए पूजा समितियों से कोई शुल्क नहीं लेगा.
also read:राज्य के 74 व्यापारी 500 करोड़ का कारोबार करने के बाद अपने ठिकाने से फरार






