रांची : अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में अजा एकादशी महापर्व श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में आयोजित किया गया। सुबह श्री श्याम प्रभु को नवीन वस्त्र यानी बागा पहनाकर स्वर्ण आभूषणों से अलंकृत किया गया और गुलाब, जूही, बेला, मोगरा व रजनीगंधा की मालाओं से मनभावन श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर मंदिर में विराजमान बजरंगबली और शिव परिवार का भी विशेष श्रृंगार किया गया। पावन श्रावण मास की एकादशी होने के कारण सुबह से ही श्री श्याम प्रभु के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।
Read More : रांची सदर अस्पताल के पास बाइक चोरी का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार
पावन ज्योत प्रज्वलित कर शुरू हुआ संकीर्तन
रात 9 बजे श्री श्याम प्रभु की पावन ज्योत प्रज्वलित की गई। भक्त कतारबद्ध होकर पावन ज्योत में आहुति प्रदान करते रहे। इसके बाद श्री श्याम मंडल के सदस्यों ने गणेश वंदना के साथ संगीतमय संकीर्तन शुरू किया। इस दौरान विभिन्न भजनों की लय पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। संकीर्तन के दौरान “बाबा का दरबार सुहाना लगता है भक्तों का तो दिल दीवाना लगता है”, “हमें प्रीत तुमसे हुई श्याम प्यारे, तुम हो हमारे हम हैं तुम्हारे”, “खाटू के बाबा श्याम जी, मेरी रखोगे लाज, मीरा के घनश्याम जी मेरी रखोगे लाज”, “रखवाला प्रतिपाला मेरा बाबा खाटू वाला” और “मोर छड़ी लहराई रे रसिया ओ सांवरे” समेत कई भजन प्रस्तुत किए गए।
मिष्ठान, फल-मेवा और केसरिया दूध का लगा भोग
अजा एकादशी के अवसर पर श्री श्याम प्रभु को विभिन्न प्रकार के मिष्ठान, फल, मेवा, केसरिया दूध और मगही पान का भोग अर्पित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। रात 12 बजे महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन को सफल बनाने में रमेश सारस्वत, गोपी किशन ढांढनीयां, ओम जोशी, चन्द्र प्रकाश बागला, धीरज बंका, विकाश पाडिया, नितेश केजरीवाल, प्रियांश पोद्दार, प्रदीप अग्रवाल, अमित जलान, अजय साबू और अशोक धानुका का योगदान रहा।




