रांची:  झारखंड प्रदेश भाजपा ने अपनी टीम पूरी कर ली है। मोर्चा और प्रकोष्ठों के अध्यक्ष अब अपनी टीम बनाएंगे।इसके साथ ही झारखंड भाजपा से प्रदीप वर्मा को राष्ट्रीय टीम में जिम्मेदारी मिली है। अब केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से झारखंड भाजपा को एक संगठन प्रभारी मिलना है।
भाजपा की राष्ट्रीय टीम भी हाल ही में घोषित हुई है। सांगठनिक व्यवस्था के तहत किसी राष्ट्रीय महासचिव को झारखंड के संगठन का पालक अधिकारी बनाया जाना है।
इसके लिए सुनील बंसल या हरीश द्विवेदी का नाम संभावित है। झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के चयन में सुनील बंसल की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।
बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली सफलता को भी सुनील बंसल के सांगठनिक क्षमता के तौर पर ही देखा गया था। इसके अलावा संगठन प्रभारी के तौर पर किसी अनुभवी नेता को अलग से झारखंड भेजा जाएगा।
केंद्रीय नेतृत्व अनुभवी नेता के नाम तय करने में लगा है जिन्हें सितंबर में ही झारखंड भाजपा के साथ काम करने भेजा जाए। झारखंड में अगले तीन वर्षों में विधानसभा चुनाव होने हैं। नए संगठन प्रभारी को पार्टी और कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत दर्ज करने वाला आत्मविश्वास जगाना होगा।
राज्य में भाजपा दो बार से सत्ता से बाहर है। ऐसे में किसी मजबूत नेता को ही यह जिम्मेदारी दी जाएगी। मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष रहे बीडी शर्मा 2014 से झारखंड के चुनावों में भाजपा की रणनीति बनाते रहे हैं।
संगठन प्रभारी के तौर पर उनका नाम भी संभावित है। पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ से किसी नेता को भी झारखंड के संगठन को मजबूत करने भेजा जा सकता है।