धनबाद : महारत्न कंपनी सेल में कार्यरत 80,000 ठेका कर्मियों के लिए अच्छी खबर है। जानकारी के अनुसार स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) में कार्यरत ठेका श्रमिकों को बोनस के रूप में उनके वार्षिक मूल वेतन का 8.33% राशि दी जाएगी। दुर्गा पूजा के पहले यह राशि उनके बैंक खातों में पहुंचा दी जाएगी। सेल के विभिन्न इकाइयों में कार्यरत 80,000 ठेका श्रमिक इसे लाभान्वित होंगें।
लेकिन बोनस के हकदार सिर्फ वही ठेका श्रमिक होंगे, जिनका मासिक वेतन 21,000 रुपए से कम होगा। बता दें कि इस बार दुर्गा पूजा 11 अक्टूबर से प्रारंभ हो रही है। 20 अक्टूबर को विजयादशमी है। सेल मुख्यालय ने अपने सभी इकाई में ठेका श्रमिकों को अक्टूबर माह के वेतन के साथ बोनस की राशि भुगतान करने का निर्णय लिया है। सूत्र बताते हैं कि इसके लिए सभी ठेका कंपनी के लिए जल्द ही एक नियमावली जारी की जाएगी। ठेका कंपनियों को 10 अक्टूबर तक श्रमिकों के मासिक वेतन के साथ बोनस की राशि देने का निर्देश दिया जाएगा। नहीं मानने वाली ठेका कंपनी पर विभागीय कार्रवाई का भी प्रावधान रहेगा।
also read : अग्रवाल सभा रांची के 50 वें श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव, द्वितीय चरण प्रतियोगिताएं संपन्न
सूत्र बताते हैं कि स्थाई कर्मचारियों के बोनस पर 20 सितंबर के बाद प्रबंधन और यूनियन के बीच नई दिल्ली में बैठक हो सकती है। दोनों पक्षों में सहमति के बाद बोनस की राशि पर अंतिम फैसला हो सकता है। इससे पहले सेल प्रबंधन इसी महीने होने वाली बोर्ड आफ डायरेक्टर की बैठक में कंपनी के उत्पादन और उत्पादकता के साथ अपनी ओर से दिए जाने वाले बोनस के ऑफर राशि पर निर्णय ले सकता है। इसके बाद NJCS घटक दल में शामिल यूनियन नेताओं के साथ बातचीत होगी। उल्लेखनीय की पिछले वर्ष सेल कर्मियों को 29,500 तथा प्रशिक्षुकर्मियों को 23,600 बोनस दिया गया था।



