पटना : केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने शिक्षक दिवस के अवसर पर कॉलेज छात्रों (जेन जेड) से विशेष संवाद किया और उन्हें जीवन में सही दिशा चुनने की प्रेरणा दी। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज के दिन जितने खूबसूरत होते हैं, उतने ही जिम्मेदारियों से भी भरे होते हैं। यही वह समय है जब आप अपने जीवन के अगले 30 से 40 वर्षों की दिशा तय करते हैं।
Read More : सिमडेगा में मेजर ध्यानचंद हॉकी प्रतियोगिता, आठवें दिन 8 मुकाबले
‘जब पैशन प्रोफेशन बनता है, तो ग्रोथ को कोई नहीं रोक सकता’
युवाओं के साथ अपने विचार साझा करते हुए चिराग पासवान ने कहा, “आपको किस राह और किस दिशा में जाना है, यह आपके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण फैसला होता है। जिस चीज में युवाओं को मजा आए, उन्हें वही काम करना चाहिए। जिस दिन आपका पैशन ही आपका प्रोफेशन बन जाता है और आपको अपने काम में आनंद आने लगता है, सही मायने में उस दिन से आपकी सफलता और ग्रोथ को कोई नहीं रोक सकता।”
हाजीपुर में बाढ़ पीड़ितों का जाना हाल, बांटा राशन
दूसरी ओर, बिहार में बाढ़ के गंभीर प्रकोप पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए चिराग पासवान ने हाजीपुर (वैशाली) जिले के प्रभावित इलाकों का व्यापक दौरा किया। उन्होंने शुक्रवार को हाजीपुर के सरायपुर पंचायत का जायजा लिया और लगभग 1,000 बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच सूखा राशन और आवश्यक राहत सामग्री का वितरण किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने विचार साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि संकट की इस घड़ी में हर प्रभावित परिवार तक राहत और जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाना केंद्र व राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बच्चों के साथ बैठकर किया भोजन
हाजीपुर दौरे के दौरान सरायपुर से लौटने के क्रम में चिराग पासवान ने गंगाब्रिज थाना के समीप संचालित सामुदायिक रसोई (कम्युनिटी किचन) का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां बन रहे भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने खुद टेबल पर बैठकर छोटे बच्चों के साथ दोपहर का भोजन भी किया और पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।




