कोडरमा : कोडरमा घाटी में शनिवार को एक सड़क हादसे के बाद हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई। काली मंडा के पास पाम ऑयल से लदा एक टैंकर बेकाबू होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक टैंकर के अंदर फंस गया, लेकिन मौके पर जुटी भीड़ उसकी मदद करने के बजाय टैंकर से तेल निकालने में लग गई। मिली जानकारी के अनुसार करीब एक घंटे तक टैंकर से पाम ऑयल निकालने का सिलसिला चलता रहा। आसपास के लोग बाल्टी, डिब्बे और दूसरे बर्तन लेकर पहुंचे और टैंकर से तेल भरकर ले जाते रहे। तेल ले जाने वालों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल थे।
Read More : मनोहरपुर में ढोल-नगाड़ों से हुआ एर्नाकुलम एक्सप्रेस का स्वागत, जानें टाइमिंग और अपडेट
चालक टैंकर में फंसा रहा, भीड़ तेल भरती रही
हादसे के बाद चालक टैंकर के अंदर फंसा रहा और काफी देर तक मदद का इंतजार करता रहा। मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान उसे बाहर निकालने के बजाय तेल जमा करने पर रहा। इस दौरान किसी ने तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचना नहीं दी। बाद में एक स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तेल ले जा रहे लोगों को वहां से हटाया। इसके बाद टैंकर में फंसे चालक को बाहर निकाला गया। चालक को मामूली चोटें आई थीं। पुलिस ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा।
#WATCH: कोडरमा घाटी में तेल से लदा टैंकर पलटा, ड्राइवर फंसा रहा और लोग तेल लूटते रहे।#Koderma #JharkhandNews #KodermaValley #TankarAccident #OilLooting #JharkhandNews #BreakingNews #KodermaNews #JHLive #LocalNews pic.twitter.com/8OgEy8eUZk
— JH LIVE (@jhliveonline) September 5, 2026
क्रेन से सीधा कराया गया टैंकर
पुलिस की कार्रवाई के बाद दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को क्रेन की मदद से सीधा कराया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही। जानकारी के अनुसार पाम ऑयल से भरा टैंकर हरदिया, रजौली (नवादा) की ओर जा रहा था। काली मंडा के पास किसी वाहन को ओवरटेक करने के दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। इसके बाद टैंकर बेकाबू होकर सड़क पर पलट गया।




