रांची : श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव समिति, रांची के सानिध्य में अलबर्ट एक्का चौक, मेन रोड पर दो दिवसीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव शुक्रवार से शुरू हुआ। 4 और 5 सितंबर को आयोजित हो रहे इस महोत्सव के पहले दिन श्री कृष्ण की झांकी और बाल गोपाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 150 से अधिक बच्चों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन समिति के मुख्य संरक्षक सह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, संरक्षक सीपी सिंह, अजय मारू, अध्यक्ष मुकेश काबरा, महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार सहित धार्मिक, सामाजिक और व्यापारिक संस्थाओं के अध्यक्ष व सचिव ने दीप प्रज्वलित कर किया। श्री गणेश वंदना के साथ शाम 4 बजे कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
Read More : SIR प्रक्रिया पर भाजपा का बड़ा आरोप, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को ज्ञापन
150 से अधिक बच्चों ने लिया बाल गोपाल प्रतियोगिता में हिस्सा
बाल गोपाल प्रतियोगिता में 2 से 12 वर्ष तक के 150 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। बच्चों को उम्र के अनुसार दो ग्रुप में बांटा गया था। 6 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों की प्रतियोगिता में अदिति ने प्रथम और अभिराज ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं 1 से 5 वर्ष तक के बच्चों के वर्ग में गर्व कुमार को प्रथम और टीटू कुमार को द्वितीय पुरस्कार मिला। प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों को सांत्वना पुरस्कार भी दिया गया। छोटे बच्चों ने राधा-कृष्ण के विभिन्न रूपों में रंग-बिरंगे परिधानों और आकर्षक श्रृंगार के साथ झांकियां प्रस्तुत कीं। आयोजन स्थल पर महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और बच्चों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी।
वंदे मातरम थीम से सजा आयोजन स्थल
भारत में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम की प्रस्तुति से हुई। पूरे आयोजन स्थल को वंदे मातरम थीम पर सजाया गया था और वंदे मातरम के गीतों से परिसर गूंजता रहा। इस अवसर पर कन्हैया इवेंट की ओर से कृष्ण जन्मोत्सव, कृष्ण-राधा की मनोहर लीलाएं, महारास में भगवान शंकर का प्रवेश, फूलों की होली और शंकर-पार्वती के तांडव नृत्य सहित कई प्रस्तुतियां दी गईं। मथुरा, वृंदावन और कलकत्ता के राजेश शर्मा एंड पार्टी ने वंदे मातरम की प्रस्तुति दी। इसके अलावा श्री कृष्ण रासलीला और नृत्य नाटिका सहित कई प्रसंग मंच पर प्रस्तुत किए गए। कलाकारों की ओर से फूलों की वर्षा और श्री कृष्ण की विभिन्न लीलाओं की प्रस्तुति भी हुई। कार्यक्रम में 40 से अधिक कलाकारों ने हिस्सा लिया। भारत माता के कार्यक्रम की प्रस्तुति भी रखी गई।
मोटे अनाज से तैयार प्रसाद का लगाया भोग
भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर समिति की ओर से मोटे अनाज से तैयार प्रसाद का भोग लगाया गया। इसमें माखन मिश्री, पंजीरी, बादाम के लड्डू, गिरी के लड्डू, अनरसा, रागी के लड्डू और मड़वा के लड्डू शामिल रहे। भोग आरती के बाद प्रसाद श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। समिति के मुख्य संरक्षक संजय सेठ और अध्यक्ष मुकेश काबरा ने बताया कि 5 सितंबर को शाम 3 बजे नमो दही हांडी प्रतियोगिता, भजन संध्या और नृत्य-नाट्य मंचन का आयोजन होगा। नमो दही हांडी प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार करेंगे। समिति की ओर से इस बार पुरुष और महिला गोविंदा टीमों को अलग-अलग रंगों की टी-शर्ट दी जाएगी। प्रतियोगिता में 18 वर्ष से कम उम्र के गोविंदा भाग नहीं ले सकेंगे। पुरुष गोविंदा वर्ग में प्रथम पुरस्कार 71,000 रुपये और द्वितीय पुरस्कार 41,000 रुपये रखा गया है। वहीं महिला गोविंदा वर्ग में प्रथम पुरस्कार 51,000 रुपये और द्वितीय पुरस्कार 31,000 रुपये दिया जाएगा।
सुरक्षा और स्वास्थ्य की भी व्यवस्था
आपात स्थिति को देखते हुए नागरमल मोदी सेवा सदन और ऑर्किड हॉस्पिटल के डॉक्टरों के साथ एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी। मारवाड़ी युवा मंच की ओर से आयोजन स्थल पर पानी, चाय और बिस्कुट की निशुल्क व्यवस्था भी की गई। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए। वहीं नगर निगम ने आयोजन स्थल पर पानी, चलंत शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखी। समिति के अध्यक्ष मुकेश काबरा, मीडिया प्रभारी प्रमोद सारस्वत और संजय पोद्दार ने श्री कृष्ण भक्तों से 5 सितंबर के आयोजन में सपरिवार और इष्ट-मित्रों के साथ शामिल होने का आग्रह किया है। कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक संजय सेठ के अलावा संरक्षक सीपी सिंह, अजय मारू, अध्यक्ष मुकेश काबरा, महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू सहित बड़ी संख्या में समिति के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।




