बड़कागांव थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बड़कागांव थाना पुलिस ने नई पहल शुरू की है. बीट पुलिसिंग व्यवस्था के तहत थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर ‘रक्षक ऐप’ के बारकोड स्टिकर लगाए गए हैं। थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने इन स्थानों को चिह्नित कर बारकोड चिपकाए। थाना प्रभारी ने बताया कि बड़कागांव थाना क्षेत्र में करीब 25 संवेदनशील स्थानों पर रक्षक ऐप के बारकोड लगाए गए हैं। इनमें पेट्रोल पंप, बड़कागांव रेंज चौक समेत अन्य महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थान शामिल हैं। इन स्थानों पर पुलिस गश्ती दल पहुंचकर बारकोड को स्कैन करेगा, जिससे गश्ती की गतिविधि और संबंधित स्थान पर पुलिस की मौजूदगी का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा।
गश्ती की होगी डिजिटल निगरानी
रक्षक ऐप में लगे बारकोड के माध्यम से पुलिस गश्ती दल को निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर बारकोड स्कैन करना होगा। इससे पुलिस अधिकारियों को यह जानकारी मिल सकेगी कि गश्ती दल किस स्थान पर कब पहुंचा और वहां सत्यापन किया या नहीं। इस व्यवस्था से गश्ती में लापरवाही की संभावना कम होगी और संवेदनशील इलाकों की निगरानी को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।




