रांची : राजधानी रांची में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के भव्य आयोजनों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए हैं। शहर में अगले दो दिनों (4 और 5 सितंबर 2026) तक यातायात मार्ग में परिवर्तन लागू रहेगा। अल्बर्ट एक्का चौक पर आज यानी 4 सितंबर को जन्माष्टमी की पारंपरिक झांकी और 5 सितंबर को भव्य भजन संध्या सह दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इन दोनों बड़े कार्यक्रमों में जुटने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूट एडवाइजरी जारी की है।
Read More : टाटा स्टील में कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! मिलेगा 315 करोड़ रुपये का बोनस
शहर में भारी वाहनों का प्रवेश बंद, रिंग रोड से गुजरेंगे वाहन
यातायात पुलिस द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, 4 और 5 सितंबर को लगातार दो दिनों तक सुबह 6:00 बजे से लेकर रात 12:00 बजे तक शहर की सीमा के भीतर सभी प्रकार के भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। इन सभी भारी वाहनों को रिंग रोड होकर उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। इसके अलावा शहर में लागू रहने वाली सामान्य नो-एंट्री व्यवस्था भी इन दोनों दिन यथावत प्रभावी रहेगी।
इन प्रमुख मार्गों पर ऑटो और सवारी गाड़ियों का परिचालन बंद
कार्यक्रम स्थल के आसपास के प्रमुख मुख्य मार्गों पर छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों, ऑटो-रिक्शा और अन्य सवारी गाड़ियों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। जिन प्रमुख रास्तों पर वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा, वे निम्नलिखित हैं:
फिरायालाल चौक से सुजाता चौक
प्लाजा चौक से फिरायालाल चौक
जेल चौक से फिरायालाल चौक
मिशन चौक से सर्जना चौक
रतन पीपी से फिरायालाल चौक
ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए एडवाइजरी का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।




