मुंबई : सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे को मुंबई के बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी रक्त जांच रिपोर्ट में गुर्दे में संक्रमण के संकेत मिले हैं। हजारे के सहयोगी दत्ता आवारी ने बताया कि फिलहाल उनकी हालत ठीक है। आवारी के मुताबिक, 89 वर्षीय अन्ना हजारे को सोमवार रात दक्षिण मुंबई स्थित बॉम्बे अस्पताल लाया गया। इससे पहले उन्हें शुरुआती इलाज के लिए अहिल्यानगर जिले में स्थित उनके पैतृक गांव रालेगण सिद्धि के एक स्थानीय चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया था।
रक्त जांच में मिले संक्रमण के संकेत
दत्ता आवारी ने बताया कि अन्ना हजारे की रक्त जांच रिपोर्ट में गुर्दे में संक्रमण की जानकारी सामने आई है। हालांकि, उन्होंने कहा कि अब हजारे की हालत ठीक है। आवारी ने बताया कि भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से जुड़े अन्ना हजारे को पिछले सप्ताह अहिल्यानगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ था। मुंबई के बॉम्बे अस्पताल के डॉक्टर हजारे की स्वास्थ्य स्थिति का विस्तृत आकलन कर रहे थे।
2011 में किया था बड़ा भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन
सेना में सेवा देने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता बने अन्ना हजारे ने पिछले कई वर्षों में ग्रामीण विकास, सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए कई आंदोलनों का नेतृत्व किया है। उनके नेतृत्व में वर्ष 2011 में हुआ भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन नई दिल्ली में हुए बड़े जन आंदोलनों में शामिल रहा। मजबूत लोकपाल कानून की मांग को लेकर उनके 13 दिन के अनशन के दौरान बड़ी संख्या में लोग जुटे थे।
पद्म भूषण से सम्मानित हो चुके हैं हजारे
अन्ना हजारे को देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से भी सम्मानित किया जा चुका है। फिलहाल बॉम्बे अस्पताल में डॉक्टर उनकी स्वास्थ्य स्थिति का विस्तृत आकलन कर रहे हैं।
Read More : गुमला में होमगार्ड जवान वीरेंद्र साहू को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि




