नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को न्यूयॉर्क में उस स्थान के बाहर भारतीय ध्वज का कथित तौर पर अपमान करने वाले प्रदर्शनकारियों पर कड़ी आपत्ति जताई है, जहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर विरोध प्रदर्शन का एक कथित वीडियो साझा करते हुए किरेन रिजिजू ने लिखा कि हमने हमेशा कहा है कि आपको आरएसएस, भाजपा या सरकार की आलोचना करने की पूरी आजादी है, लेकिन हमारे देश का अपमान न करें।
Read More : जयराम महतो के खिलाफ कार्रवाई पर पुलिस एसोसिएशन सख्त, धनबाद SSP से 24 घंटे में मांगी जानकारी
केंद्रीय मंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि ध्यान से सुनिए, हमारे झंडे और मेरे देश का अपमान न करें, इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। रिजिजू द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में न्यूयॉर्क स्थित मैडिसन स्क्वायर गार्डन के बाहर एक प्रदर्शनकारी भारतीय झंडे का अपमान करता दिख रहा है, जबकि अन्य लोग खालिस्तान-समर्थक नारेबाजी कर रहे हैं।
मैडिसन स्क्वायर गार्डन में बोले आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत
दूसरी ओर, मैडिसन स्क्वायर गार्डन के मशहूर इन्फोसिस थिएटर में शनिवार को भारतीय-अमेरिकी समुदाय के 6,000 से अधिक सदस्यों और विभिन्न धर्मों के प्रमुख नेताओं को संबोधित करते हुए आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने विविधता को अपनाने और समुदायों का समर्थन करने का जोरदार आह्वान किया।
मोहन भागवत ने अपने संबोधन में कहा कि विविधता में एकता भारत के डीएनए में बसी है और इसे मनाया जाना चाहिए, इसका सम्मान किया जाना चाहिए तथा इसे स्वीकार किया जाना चाहिए।
‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ में जुटे विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि
आरएसएस प्रमुख के मुख्य भाषण से पहले, अलग-अलग धर्मों के नेताओं ने एकता, विविधता, दया, करुणा और एक-दूसरे की मदद करने के संदेश पर जोर दिया।
कार्यक्रम के वक्ताओं में रैबिनिकल असेंबली के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रब्बी जैकब ब्लुमेंथल, न्यूयॉर्क शहर के ऐतिहासिक रिवरसाइड चर्च की आठवीं सीनियर मिनिस्टर और इस पद पर रहने वाली पहली अफ्रीकी-अमेरिकी महिला रेवरेंड एड्रिएन थॉर्न, तथा वाशिंगटन डीसी स्थित ऐतिहासिक मस्जिद मुहम्मद (नेशन की मस्जिद) के अध्यक्ष एवं इमाम तालिब एम शरीफ शामिल थे।
गौरतलब है कि मोहन भागवत ने अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन के अपने तीन देशों के वैश्विक आउटरीच दौरे के पहले चरण के तहत मैडिसन स्क्वायर गार्डन में आयोजित ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ को संबोधित किया।



