धनबाद: झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने धनबाद के एसएसपी को पत्र लिखकर विधायक जयराम महतो और अन्य आरोपियों के खिलाफ अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी है। एसोसिएशन ने यह पत्र 29 अगस्त को भेजा है। वहीं, एसोसिएशन की बैठक 1 सितंबर को प्रस्तावित है। बैठक में यदि कार्रवाई नहीं होने की स्थिति सामने आती है तो आंदोलन की रणनीति तैयार करने की बात कही गई है।
धनबाद एसएसपी को भेजे पत्र में एसोसिएशन ने कहा है कि विधायक जयराम महतो और अन्य के खिलाफ 22 अगस्त को बरवाअड्डा थाना में प्राथमिकी (कांड संख्या 146/26) दर्ज की गई थी। प्राथमिकी बीएनएस की धारा 221, 224, 132, 351(2), 352 और 3(5) के तहत दर्ज होने का उल्लेख पत्र में किया गया है।
एसोसिएशन ने प्राथमिकी में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी समेत मामले से जुड़ी सभी कानूनी प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने का आग्रह किया है। पत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो झारखंड पुलिस एसोसिएशन राज्य की तमाम शाखाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।
also read : रांची के पूर्व डीडीसी सुनील कुमार सिंह ने की आत्महत्या, लालपुर स्थित फ्लैट में फंदे से लटका मिला शव
एसोसिएशन ने धनबाद एसएसपी से 24 घंटे के भीतर विधायक जयराम महतो और अन्य के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।



