रांची: राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में पूर्व डीडीसी सुनील कुमार सिंह की आत्महत्या का मामला सामने आया है। उनका शव लालपुर स्थित विंध्यवासिनी अपार्टमेंट के फ्लैट में फंदे से लटका हुआ मिला। सुनील कुमार सिंह रांची में डीडीसी के पद पर कार्यरत रह चुके थे। वह सिदो-कान्हू पार्क के पास स्थित अपार्टमेंट में रहते थे और बताया जा रहा है कि लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर है। उनके साथ काम कर चुके अधिकारी और कर्मचारी भी घटना से स्तब्ध हैं।
पुलिस के अनुसार, सुनील कुमार सिंह रांची में अकेले रहते थे, जबकि उनकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य पटना में रहते हैं। शनिवार रात उन्होंने अपने कुछ परिचितों से बातचीत की थी। इसके बाद उन्होंने किसी से संपर्क नहीं किया।
रविवार सुबह जब नौकरानी काम के लिए फ्लैट पर पहुंची तो घटना की जानकारी हुई। उसने पहले आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सुनील कुमार सिंह ने बीमारी से परेशान होकर यह कदम उठाया या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।



