रांची : हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से 214वां श्री श्याम भंडारा आयोजित किया गया। यह भंडारा शकुंतला देवी सेठी के परिवार की ओर से उनके 80वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में निवेदित किया गया था। मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, महामंत्री गौरव अग्रवाल, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्यामसुंदर शर्मा और पंकज सरिता के परिवार एवं इष्ट मित्रों ने संयुक्त रूप से बाबा श्री श्याम का भोग लगाया और भजन गाया। “आओ आओ भोग लगाओ बाबा श्याम जी” के भोग भजन से मंदिर परिसर गूंज उठा।
Read More : झारखंड चैंबर चुनाव के लिए नामांकन 31 अगस्त से, जानें पूरी प्रक्रिया
भोग के बाद भक्तों में बांटा गया महाप्रसाद
भंडारे में सबसे पहले बाबा श्री श्याम को भोग लगाया गया और इसके बाद उसे महाप्रसाद के रूप में भक्तों में वितरित किया गया। सेठी परिवार के सदस्यों ने मंदिर के आचार्यों को भी भोजन प्रसादी ग्रहण कराई। भंडारे का भोग प्रत्येक शनिवार को गौशाला में गौ माता के लिए भेजा जाता है। मंदिर के सदस्य और सहयोगी भंडारे का भोग लेकर गौशाला पहुंचते हैं। मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी के निर्देशानुसार मंदिर में भंडारे का भोग शुद्धता के साथ तैयार किया जाता है। भंडारे के दौरान श्री श्याम मंदिर परिसर भक्तों से भर गया। हरमू रोड पर भी भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। खाटूनरेश की जय के जयकारों से पूरा हरमू रोड गूंज उठा। प्रथम देव श्री गणेश जी महाराज की जयकार के बीच प्रसाद वितरण शुरू किया गया। भंडारे में मिक्स कचौड़ी, आलू-चना सब्जी, केसरिया जलेबी, आइसक्रीम, खीर और चूरमा का भोग लगाया गया।
50 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने किया सहयोग
श्री श्याम भंडारे के आयोजन में मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, अध्यक्ष गोपाल मुरारका, उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया, अशोक लड़ियां, महामंत्री गौरव अग्रवाल, वरिष्ठ सदस्य एवं राज्यसभा के पूर्व सांसद अजय मारू, वरिष्ठ सदस्य राजीव रंजन मित्तल सहित कई लोगों ने सहयोग किया। यजमान परिवार से शंकुतला देवी सेठी, पंकज, सरिता, हर्षित, प्रेरणा, परिशी, यथार्थ, सुरेश पोद्दार तथा वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्यामसुंदर शर्मा, स्नेह पोद्दार, रतन शर्मा, अनुज मोदी, अमित सरावगी, मनोज माहेश्वरी, अंकित सिंह, हर्ष मिश्रा, मनोज खेतावत और उपेन्द्र पांडे सहित 50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने आयोजन में सहयोग दिया। उपरोक्त जानकारी मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने दी।




