नई दिल्ली : दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के 64 वर्षीय पिता तालुकदार अंसारी और उसके 49 वर्षीय सहयोगी मोहम्मद वसीम उर्फ अकरम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सिजोफ्रेनिया बीमारी से पीड़ित 38 वर्षीय गुल हसन की सिर पर कंक्रीट के पत्थर से हमला करने के बाद कपड़े की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पत्थर, खून से सने कपड़े और कपड़े की रस्सी बरामद कर ली है।
Read More : झारखंड पेपर लीक केस में बड़ा फैसला, अब स्पेशल कोर्ट में सुनवाई
लावारिस कंटेनर में मिला था शव
23 अगस्त की शाम करीब 7:13 बजे कालिंदी कुंज थाना पुलिस को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास एनटीपीसी (NTPC) की दीवार से सटे एक लावारिस कंटेनर में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक के सिर पर गहरे घाव के निशान मिले और पास में ही खून से सना कंक्रीट का पत्थर पड़ा हुआ था। पुलिस ने तत्काल हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीमों ने क्षेत्र के सैकड़ों सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में मृतक दो लोगों के साथ घटनास्थल की तरफ जाता दिखाई दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने गोविंदपुरी स्थित एक सिलाई फैक्ट्री से दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पहले यमुना में धक्का देने की बनाई थी योजना
पूछताछ में सामने आया कि मृतक गुल हसन मानसिक बीमारी सिजोफ्रेनिया से ग्रस्त था और परिजनों का आरोप था कि वह अक्सर अपनों और पड़ोसियों पर हमला कर देता था। इसी से परेशान होकर पिता तालुकदार अंसारी ने सहयोगी मोहम्मद वसीम के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। आरोपी पहले उसे डॉक्टर के पास ले जाने के बहाने घर से निकले। उनकी शुरुआती योजना गुल हसन को यमुना नदी में धक्का देने की थी, लेकिन वहां भीड़ होने के कारण वे ऐसा नहीं कर सके।
समोसा खाने का झांसा देकर कंटेनर में ले गए
यमुना से लौटते समय आरोपियों को एक सुनसान कंटेनर दिखाई दिया। उन्होंने गुल हसन को बाहर पुलिस होने का डर दिखाया और अंदर बैठकर समोसा खाने का झांसा देकर कंटेनर के भीतर ले गए। कंटेनर के अंदर प्रवेश करते ही आरोपियों ने कंक्रीट के भारी पत्थर से उसके सिर पर वार किया और फिर कपड़े के कचरे से बनी रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




