नई दिल्ली : शैक्षणिक क्षेत्र में नौकरी की तलाश कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव विश्वविद्यालय (MSSV), रायडोंगिया, नागांव, असम ने चार वर्षीय इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (ITEP) के तहत बीए, बीएड और बीएससी, बीएड के लिए फैकल्टी के 19 पदों पर भर्ती निकाली है। विश्वविद्यालय ने इन पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। आवेदन प्रक्रिया 26 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है, जबकि आवेदन करने की अंतिम तारीख 3 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।
Read More : होटवार जेल के बाहर बहनों की कतार, राखी लेकर भाइयों से मिलने पहुंचीं
किन पदों पर होगी भर्ती?
MSSV की ओर से जारी 19 फैकल्टी पदों में शिक्षा में प्रोफेसर/एसोसिएट प्रोफेसर के रूप में विभाग प्रमुख (HOD) का एक पद शामिल है। इसके अलावा असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान, प्राणी विज्ञान/जीवन विज्ञान/बायोसाइंस, वनस्पति विज्ञान/जीवन विज्ञान, इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान और अर्थशास्त्र के एक-एक पद हैं। असमिया (MIL), अंग्रेजी में कम्युनिकेशन स्किल, असमिया (MIL)/क्लासिकल भाषा में कम्युनिकेशन स्किल और स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा के भी एक-एक पद हैं। वहीं शैक्षिक अध्ययन के चार और कला शिक्षा के एक पद पर भी नियुक्ति की जाएगी।
क्या होनी चाहिए शैक्षणिक योग्यता?
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित विषय में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ ही पद के अनुसार एमएड, शिक्षा में पीएचडी और NET/SET/SLET जैसी निर्धारित योग्यताएं भी मांगी गई हैं। उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता और अन्य पात्रता शर्तों की जानकारी आधिकारिक अधिसूचना में जरूर जांच लें।
कैसे करें आवेदन?
आवेदन के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले MSSV की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वेबसाइट के होमपेज पर संबंधित भर्ती की अधिसूचना का लिंक खोलकर उसमें दिए गए आवेदन फॉर्म को डाउनलोड करना होगा। फॉर्म का प्रिंट निकालने के बाद उसमें मांगी गई सभी जानकारियां भरनी होंगी। इसके साथ संबंधित दस्तावेज संलग्न करने होंगे। उम्मीदवार आवेदन फॉर्म और दस्तावेजों को एक लिफाफे में रखकर रजिस्ट्रार, महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव विश्वविद्यालय (MSSV), हलधर भुइयां पथ, कलोंगपार, नागांव-782001, असम, भारत के पते पर तय समय सीमा के भीतर डाक के माध्यम से भेज सकते हैं। इसके अलावा सभी दस्तावेजों को स्कैन कर एक ही PDF फाइल में तैयार करके अधिसूचना में दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर भी भेजा जा सकता है। उम्मीदवारों को ध्यान रखना होगा कि आवेदन 3 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे तक या उससे पहले पूरा कर लिया जाए।




