रांची : रक्षाबंधन का पावन पर्व इस बार रांची के नामकुम स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सह सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की चार छात्राओं के लिए बेहद खास और ऐतिहासिक बनने जा रहा है। विद्यालय की इन चार प्रतिभाशाली छात्राओं को राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष रक्षाबंधन कार्यक्रम में सम्मिलित होने का प्रतिष्ठित निमंत्रण मिला है। राष्ट्रपति भवन से आमंत्रण मिलने के बाद विद्यालय की 12वीं कक्षा की रोशनी लकड़ा, विभा कुमारी, नेहा कुमारी और 10वीं कक्षा की सिमरन दिल्ली पहुंच चुकी हैं। उनके साथ विद्यालय की वार्डेन वागेश्वरी कुमारी और शिक्षिका स्वर्णिमा टोप्पो भी मौजूद हैं। यह पहला अवसर है जब ये छात्राएं देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर ऐतिहासिक परिसर को करीब से देखेंगी।
Read More : जमशेदपुर SSP कार्यालय में रक्षाबंधन, छात्राओं ने पुलिस कप्तान को बांधी राखी
हाथों से बनाई राखियां लेकर पहुंचीं छात्राएं
इस खास मुलाकात को लेकर छात्राओं के भीतर उत्साह और गर्व का अनूठा भाव है। दिल्ली रवाना होने से पहले छात्राओं ने खुद अपने हाथों से सुंदर और आकर्षक राखियां तैयार की हैं। 12वीं की छात्रा रोशनी लकड़ा ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “राष्ट्रपति भवन में जाकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को अपने हाथों से बनाई राखी बांधना मेरे लिए बेहद खास और गर्व का क्षण है। यह किसी सपने के सच होने जैसा है। मैं इस अविस्मरणीय अनुभव को हमेशा अपने दिल में संजोकर रखूंगी और स्कूल लौटकर अपनी सहेलियों व शिक्षकों के साथ यह अनुभव साझा करूंगी।”
स्कूल परिवार और परिजनों में खुशी की लहर
छात्राओं की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरा विद्यालय परिवार और परिजनों में जश्न का माहौल है। छात्राओं के दिल्ली पहुंचने के बाद से ही उनके सहपाठी और शिक्षक लगातार उनके इस अनुभव पर चर्चा कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटियों का राष्ट्रपति भवन जाकर देश की राष्ट्रपति को राखी बांधना पूरे परिवार और समाज के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। कार्यक्रम के बाद छात्राएं रांची लौटकर अपने सहपाठियों के साथ राष्ट्रपति भवन की यात्रा और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के खट्टे-मीठे संस्मरण साझा करेंगी।




