देवघर : धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व से समृद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 की चौथी और अंतिम सोमवारी पर द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ मंदिर में आस्था का अभूतपूर्व सैलाब देखने को मिल रहा है। पूरा देवघर शहर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयघोष से शिवमय हो गया है।
Read More : मलयालम एक्टर देवन ने छोड़ी BJP, TVK में शामिल होने की तैयारी
भोर 04:13 बजे खुले मंदिर के कपाट
अंतिम सोमवारी के विशेष अवसर पर मंदिर का पट सुबह 04:13 बजे खोला गया। इसके तुरंत बाद बाबा बैद्यनाथ के सरदारी पूजा के उपरांत आम श्रद्धालुओं के लिए जलार्पण का सिलसिला अनवरत शुरू हो गया। अंतिम सोमवारी को लेकर शिवभक्तों में गजब का उत्साह देखा गया। जलार्पण के लिए कांवरियों की लंबी कतार तड़के रात 02:00 बजे ही नंदन पहाड़ (रूट लाइन) तक पहुंच गई थी। बिहार के सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर पहुंचे कांवरिया बिना थके कतारबद्ध होकर मंदिर की ओर बढ़ रहे हैं।
सुरक्षा और सुगम दर्शन के कड़े प्रबंध
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए देवघर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा और सुगम जलार्पण के कड़े इंतजाम किए गए हैं :
रूट लाइन में श्रद्धालुओं की सहायता के लिए जगह-जगह पेयजल, स्वास्थ्य शिविर और विश्राम स्थलों की व्यवस्था की गई है।
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, दंडाधिकारी और पुलिस बल के जवान तैनात हैं।
सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन के माध्यम से पूरे मंदिर परिसर और रूट लाइन की 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
अंतिम सोमवारी के अवसर पर बाबा नगरी पूरी तरह भक्ति भावना में सराबोर है और चारों दिशाओं में केवल ‘हर-हर महादेव’ का उद्घोष गूंज रहा है।




