धनबाद : भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिक संघ की पहल पर सोमवार को धनबाद जिला अंतर्गत आने वाले आद्रा रेल मंडल के भागा रेलवे माल गोदाम परिसर में श्रमिकों के लिए एक विशेष नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह स्वास्थ्य शिविर संजय कुमार के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Read More : मलयालम एक्टर देवन ने छोड़ी BJP, TVK में शामिल होने की तैयारी
कठिन परिस्थितियों में काम करने वाले श्रमिकों पर ध्यान
इस स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य माल गोदाम में दिन-रात कड़ी धूप, धूल और विपरीत परिस्थितियों में काम करने वाले श्रमिकों की सेहत की नियमित देखभाल करना था। स्वास्थ्य विभाग के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (धनबाद) के निर्देश पर डॉक्टरों की एक विशेष चिकित्सीय टीम भागा माल गोदाम परिसर पहुंची। मेडिकल टीम ने गोदाम में कार्यरत श्रमिकों के स्वास्थ्य की विस्तृत जांच की, उन्हें बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया और नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया। डॉक्टरों की टीम ने मुख्य रूप से श्रमिकों के ब्लड प्रेशर, शुगर, शारीरिक थकान, कमजोरी और व्यावसायिक व मौसमी बीमारियों से जुड़े लक्षणों की जांच की।
स्वास्थ्य सुरक्षा पर संघ का जोर
भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि माल गोदाम में काम करने वाले मजदूर बेहद कठिन परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं, जिससे वे अक्सर तरह-तरह की बीमारियों की चपेट में आ जाते हैं। समय पर इलाज न मिलने से श्रमिकों के स्वास्थ्य के साथ-साथ रेलवे के राजस्व व कामकाज पर भी असर पड़ता है। संगठन के प्रतिनिधि संदीप कुमार एवं स्थानीय संघ सदस्यों ने इस जनहितैषी पहल के लिए धनबाद स्वास्थ्य विभाग और मुख्य चिकित्सा अधिकारी का आभार व्यक्त किया। शिविर का लाभ भागा माल गोदाम में कार्यरत दर्जनों मजदूरों ने उठाया और संघ के इस प्रयास की जमकर सराहना की। कार्यक्रम के दौरान संघ के प्रतिनिधि हर्ष प्रसाद और रानी कुमारी ने भी मीडिया से बात करते हुए श्रमिकों के स्वास्थ्य कल्याण के लिए आगे भी ऐसे शिविर आयोजित करने की बात कही।




