नई दिल्ली: जुलाई महीने की शुरुआत के साथ ही आम लोगों से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं। 1 जुलाई से आधार अपडेट, पासपोर्ट शुल्क, वाहन कीमतों, क्रेडिट कार्ड के नियम और LPG की कीमतों से जुड़े नए बदलाव लागू होंगे, जिनका सीधा असर लोगों की जेब पर पड़ सकता है।
Read more: पीएम मोदी ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में विमानन क्षेत्र की कामयाबी की तारीफ
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने घोषणा की है कि 1 जुलाई से 31 दिसंबर तक आधार में ईमेल आईडी अपडेट कराने की सुविधा निशुल्क रहेगी। इससे पहले ईमेल आईडी अपडेट कराने के लिए 75 रुपये का शुल्क देना पड़ता था। यूआईडीएआई का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को आधार में अपनी नवीनतम जानकारी अपडेट करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
पासपोर्ट शुल्क और वाहन होंगे महंगे
सरकार ने पासपोर्ट बनवाने की फीस में बढ़ोतरी की है। 1 जुलाई से सामान्य पासपोर्ट के लिए 1,500 रुपये की जगह 2,500 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं, तत्काल पासपोर्ट की फीस 3,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दी गई है।
इसके अलावा कई वाहन कंपनियां भी अपने मॉडल महंगे करने जा रही हैं। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने कीमतों में 1.5 प्रतिशत तक और कमर्शियल व्हीकल्स में 2.5 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की घोषणा की है। वहीं, किआ मोटर्स और बीएमडब्ल्यू ने 2-2 प्रतिशत तथा एमजी मोटर्स ने 3 प्रतिशत तक कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है।
क्रेडिट कार्ड और LPG से जुड़े बदलाव
1 जुलाई से कुछ क्रेडिट कार्ड के नियमों में भी बदलाव लागू होंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एसबीआई कार्ड ने चुनिंदा फोनपे एसबीआई कार्ड पर मिलने वाले रिवॉर्ड पॉइंट्स के नियमों में बदलाव किया है। इसके तहत कुछ नई सीमाएं लागू की गई हैं और कुछ ट्रांजैक्शन को रिवॉर्ड पॉइंट्स की श्रेणी से बाहर कर दिया गया है।
वहीं, एचडीएफसी रेगलिया गोल्ड क्रेडिट कार्ड धारक अब हर कैलेंडर वर्ष की प्रत्येक तिमाही में तीन बार मुफ्त घरेलू एयरपोर्ट लाउंज सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। हालांकि, इसके लिए उन्हें हर तिमाही कम से कम 60,000 रुपये खर्च करने होंगे।
हर महीने की तरह सरकार 1 जुलाई को भी LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करेगी। ऐसे में घरेलू और वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दामों में बदलाव की संभावना बनी हुई है।



