रांची: नगर निगम की सेवाओं को नागरिकों के घर के करीब पहुंचाने की दिशा में रांची नगर निगम ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। अब शहर के दूर-दराज इलाकों में रहने वाले नागरिकों को छोटी-छोटी नगर निगम सेवाओं के लिए कचहरी स्थित निगम मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसके लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में डेडीकेटेड सर्किल ऑफिस विकसित किए जाएंगे।
इसी योजना के तहत नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शनिवार, 22 अगस्त 2026 को निगम की टीम के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया और संभावित सर्किल ऑफिस के लिए उपलब्ध भवनों एवं स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या-21 बड़ा तालाब, वार्ड संख्या-32 पंडरा, वार्ड संख्या-06 बांधगाड़ी, वार्ड संख्या-42 धुर्वा निर्वाचन कार्यालय के समीप, वार्ड संख्या-41 शाखा मैदान धुर्वा और वार्ड संख्या-52 नायक टोली, हटिया स्थित निगम एवं सरकारी भवनों का जायजा लिया गया। इसके अलावा वार्ड संख्या-44 स्थित डोरंडा अंचल कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया, जहां पहले से निगम की विभिन्न सेवाएं उपलब्ध हैं।
भवनों में जरूरी सुविधाएं विकसित करने का निर्देश
नगर आयुक्त ने चिन्हित भवनों को नागरिकों के लिए सुविधाजनक सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया। इसके तहत भवनों की मरम्मती, रंग-रोगन, सिविल वर्क्स, बिजली, पानी, शौचालय, टेबल-कुर्सी और कंप्यूटर जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने को कहा गया।
उन्होंने सेवा लेने आने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए भवनों के बाहर शेड और प्रतीक्षास्थल विकसित करने का भी निर्देश दिया।
सात स्थानों को लेकर दिए गए विशेष निर्देश
- वार्ड-21, बड़ा तालाब: रंग-रोगन, सिविल वर्क्स, पेड़ों की छंटाई, शौचालय और सीढ़ियों की मरम्मती।
- वार्ड-32, पंडरा: रंग-रोगन, घास की कटाई और पेवर ब्लॉक सहित जरूरी कार्य।
- वार्ड-06, बांधगाड़ी: भवन की मरम्मती और आसपास की भूमि का समतलीकरण।
- वार्ड-42, धुर्वा: निर्वाचन कार्यालय के समीप सरकारी भवन की सफाई और रंग-रोगन।
- वार्ड-41, शाखा मैदान, धुर्वा: घास की कटाई और मरम्मती के साथ खाली भूमि पर कम्युनिटी टॉयलेट एवं अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश।
- वार्ड-52, नायक टोली, हटिया: नागरिक सेवाओं के संचालन के लिए जरूरी आधारभूत सुविधाएं दुरुस्त करने का निर्देश।
- वार्ड-44, डोरंडा अंचल कार्यालय: मरम्मती और मौजूदा व्यवस्थाओं को बेहतर करने का निर्देश।
एक ही जगह मिलेंगी कई नगर निगम सेवाएं
प्रस्तावित सर्किल ऑफिस में नागरिकों को उनके क्षेत्र के नजदीक ही नगर निगम की कई सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इनमें जन्म-मृत्यु निबंधन, होल्डिंग और जलकर से संबंधित भुगतान एवं आवेदन, ट्रेड लाइसेंस आवेदन, भुगतान एवं अनुज्ञप्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित आवेदन और सिविल वर्क्स से जुड़ी शिकायतों सहित अन्य नागरिक सेवाएं शामिल होंगी।
नागरिकों का समय और खर्च दोनों बचेंगे
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि फिलहाल शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से लोगों को नगर निगम की सेवाओं के लिए कचहरी स्थित मुख्यालय आना पड़ता है। इससे उनका समय, श्रम और आने-जाने का खर्च बढ़ता है। साथ ही निगम मुख्यालय में भी अनावश्यक भीड़ रहती है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में सर्किल ऑफिस विकसित होने से नागरिकों को अपने इलाके के नजदीक ही सेवाएं मिलेंगी। इससे निगम की सेवाएं अधिक सुलभ, विकेंद्रीकृत और नागरिक-केंद्रित बनेंगी।
प्रस्तावित सर्किल ऑफिस में निगम की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी और कर्मी सेवाओं से जुड़े रहेंगे। इससे लोगों को अलग-अलग कार्यों के लिए बार-बार निगम मुख्यालय आने की जरूरत कम होगी।
नगर बोर्ड की सहमति एवं अनुशंसा के बाद स्थल निर्धारण की प्रक्रिया पूरी कर सर्किल ऑफिस को चरणबद्ध तरीके से सक्रिय किया जाएगा। इसके बाद नागरिकों को संबंधित केंद्रों और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
नगर निगम का लक्ष्य स्पष्ट है कि सेवा लेने के लिए नागरिक निगम तक न आएं, बल्कि निगम की सेवाएं नागरिकों के और करीब पहुंचें।
निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक और निगम की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी मौजूद रहे।




