रांची: अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, रांची शाखा की ओर से शनिवार, 22 अगस्त को 133 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के धुर्वा कैंप में सैनिक भाइयों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। सम्मेलन की महिलाओं ने जवानों की कलाई पर राखी बांधी और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम के दौरान बहनों और सैनिक भाइयों के बीच भावनात्मक माहौल रहा। राखी बंधवाते समय कई जवानों की आंखें नम हो गईं। जवानों ने बताया कि ड्यूटी की वजह से कई वर्षों से वे अपनी बहनों से राखी नहीं बंधवा सके हैं।
ड्यूटी के कारण बहनों से दूर रहते हैं जवान
जवानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे देश के अलग-अलग हिस्सों में तैनात रहते हैं। कई बार वे हिमाचल प्रदेश में रहते हैं तो उनकी बहनों की राखियां कश्मीर पहुंच जाती हैं और कश्मीर में तैनाती होने पर राखियां लद्दाख पहुंच जाती हैं। ऐसे में कई बार राखी का त्योहार बहनों के साथ मनाने का अवसर नहीं मिल पाता। जवानों ने मारवाड़ी महिला सम्मेलन की बहनों के प्रति आभार जताया और कामना की कि वे इसी तरह हर साल जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाती रहें।
उर्मिला पाड़िया ने सुनाए रक्षाबंधन के गीत
कार्यक्रम में उर्मिला पाड़िया ने रक्षाबंधन पर सुंदर गीत प्रस्तुत किए। गीत और राखी बांधने के दौरान कार्यक्रम में मौजूद जवान और महिलाएं भावुक नजर आए। सभी ने एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कैंप के कमांडेंट दीपक कुमार सिंह, असिस्टेंट कमांडेंट शांति तिर्की बसपत, एसएम फिंटस कुमार और बीएचएम-एचसी/जीडी ओंकार कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
महिला सम्मेलन की सदस्यों ने दिया सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में अलका सरावगी, सरिता अग्रवाल, मधु सराफ, मंजू केडिया, बीना मोदी, रीना सुरेखा, उर्मिला पाड़िया, प्रीती पोद्दार, सुनीता मेवाड़ा, सीमा खेमका, सीमा टांटिया, सुनीता सरावगी, सीमा पोद्दार, देवी मोदी, सरोज चिरानिया, छाया अग्रवाल, शारदा डोलिया, सीमा अग्रवाल, शोभा हेतमसरिया, करुणा बागला, पुष्पा अग्रवाल, उषा अग्रवाल, मंजू गाड़ोदिया, करुणा अग्रवाल और अन्नू पोद्दार समेत अन्य बहनों का सहयोग रहा।
रक्षाबंधन के इस आयोजन ने जवानों और समाज के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत किया। बहनों ने जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया।




