रांची : झारखंड में 28 और 29 अक्टूबर को मौसम बदल सकता है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 28 अक्टूबर को दक्षिणी जिलों, जबकि 29 अक्टूबर को दक्षिणी, मध्यवर्ती और उत्तर-पश्चिमी जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।
Read More : रांची में सरकारी जमीन का विकास, वेंडिंग जोन और दुकानों की योजना
28 अक्टूबर को इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 28 अक्टूबर को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा सहित इनसे सटे जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
29 अक्टूबर को रांची समेत इन जिलों में बारिश की संभावना
29 अक्टूबर को राज्य के दक्षिणी और मध्यवर्ती जिलों के साथ उत्तर-पश्चिमी इलाकों में भी भारी बारिश की संभावना है। इस दिन रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद के अलावा पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
जगन्नाथपुर में सबसे अधिक तापमान, लातेहार रहा सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में सबसे अधिक 34 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, लातेहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा। सुबह हल्की ठंड महसूस हुई, जबकि दिन में हल्की गर्मी और उमस बनी रही।
रांची समेत प्रमुख शहरों का तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहा। डाल्टनगंज में अधिकतम 32.6 और न्यूनतम 17.8 डिग्री, जबकि बोकारो में अधिकतम 29.5 और न्यूनतम 17.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।




