रांची: विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत रांची जिला स्थित Santosh College of Teachers Training Education में मतदाता जागरूकता अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं अन्य हितधारकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और मतदान के महत्व को लेकर जागरूक किया गया। अभियान के दौरान उपस्थित लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, मतदाता पहचान पत्र से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रतिभागियों को नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में ECINET App डाउनलोड करने और इसके माध्यम से फॉर्म-06 भरकर नए मतदाता के रूप में अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया को विस्तारपूर्वक समझाया गया। प्रतिभागियों को ऐप के इस्तेमाल, ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया और आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में व्यावहारिक मार्गदर्शन भी दिया गया। उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी, रांची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत अपना नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से दर्ज करवाएं। उन्होंने पात्र नागरिकों से ECINET App के माध्यम से सुविधापूर्वक आवेदन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में पंजीकरण के प्रति जागरूक करना है। साथ ही मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और समावेशी बनाने की दिशा में भी यह अभियान महत्वपूर्ण है।








