रांची: राजधानी रांची में रविवार को पंडरा ओपी क्षेत्र के इटकी रोड स्थित बजरा में देवकमल हॉस्पिटल के पास रविवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान आशीष तिर्की और अमन बारला के रूप में हुई है। मिली जाकारी के अनुसार दोनों युवक सुबह करीब छह बजे घर से चर्च जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। दोनों युवकों की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शवों को मुख्य सड़क पर रखकर जाम कर दिया। इस कारण कटहल मोड़ से पिस्का मोड़ जाने वाला मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया।
परिजनों और ग्रामीणों की मांग है कि मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
घटना की सूचना मिलने पर पंडरा ओपी प्रभारी विवेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
पंडरा ओपी प्रभारी सुबह से ही मौके पर मौजूद रहकर ग्रामीणों और परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। दोनों की असमय मौत से मातम पसर गया है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की ओर से स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस हालात को कंट्रोल करने में लगी
आक्रोशित लोगों ने मृतक युवकों के लिए मुआवजा समेत अन्य मांगें की हैं. लोग सड़क पर हंगामा कर रहे हैं। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पंडरा ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स अस्पताल भेज दिया और इस हादसे की जांच में जुट गई है। मौके भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती है। स्थानीय लोगों के विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस हालात को कंट्रोल करने में लगी है।
also read : रजरप्पा मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त, 13 की मौत; चार बच्चे और चार महिलाएं शामिल

