चान्हो : चान्हो थाना क्षेत्र के बीजुपाड़ा-खलारी मुख्य मार्ग पर सोमवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में ढाई साल के मासूम बच्चे की मौत हो गयी। चोड़ा गांव के डंगरा पतरा के समीप तेज रफ्तार बाइक ने सड़क किनारे खेल रहे बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतक की पहचान ऋत्विक उरांव के रूप में हुई है. वह सेना में कार्यरत संजय उरांव का इकलौता पुत्र थ।
also read : झारखंड में यूजीसी के खिलाफ प्रदेश में आंदोलन की तैयारी, 8 अक्तूबर को लोकभवन मार्च
घटना सोमवार सुबह करीब आठ बजे की है। जानकारी के अनुसार, संजय उरांव का घर बीजुपाड़ा-खलारी रोड के किनारे स्थित है। सोमवार की सुबह ऋत्विक अपने घर के सामने सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान खलारी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। बाइक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी।
हादसे के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ जुट गयी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों में काफी नाराजगी देखी गयी। बताया गया कि बाइक सवार घटना के बाद बीजुपाड़ा की ओर फरार हो गया।
बाइक सवार की गिरफ्तारी और सड़क पर ठोकर बनाने की मांग को लेकर जाम
मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल के समीप बीजुपाड़ा-खलारी सड़क को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि फरार बाइक सवार की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाए।
ग्रामीणों ने डंगरा पतरा के समीप सड़क पर ठोकर बनाने की भी मांग की। उनका कहना था कि सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हादसे का खतरा बना रहता है। ऐसे स्थानों पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए जरूरी व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटना को रोका जा सके।
also read ; रांची सिविल कोर्ट ने चंडी तिवारी समेत तीन की अग्रिम बेल की खारिज
सड़क जाम होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। खलारी डीएसपी आरएन चौधरी और थाना प्रभारी टिंकु रजक ने घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की। अधिकारियों ने ग्रामीणों को मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए समझाया। इसके बाद ग्रामीणों ने करीब दो घंटे बाद सड़क जाम हटा लिया और यातायात बहाल हुआ।
सेना में कार्यरत पिता का इकलौता बेटा था ऋत्विक
ऋत्विक उरांव अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसके पिता संजय उरांव सेना में कार्यरत हैं और इन दिनों छुट्टी पर घर आये हुए हैं। घर के सामने खेल रहे इकलौते बेटे की अचानक सड़क हादसे में मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के ग्रामीण भी इस घटना से बेहद दुखी हैं। जिस बच्चे की सुबह तक घर और आसपास के इलाके में मासूमियत भरी चहल-पहल थी, उसकी सड़क हादसे में मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
पोस्टमार्टम के लिए RIMS भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मृत बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया है। पुलिस फरार बाइक सवार की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।ग्रामीणों ने प्रशासन से डंगरा पतरा के समीप सड़क सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे बसे इलाकों में वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े।
also read : दारोगा भर्ती परीक्षा रद्द होने पर पटना में बवाल, अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज





