रांची : दुर्गापूजा के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने से रांची, हटिया और संबलपुर से चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। 17 और 18 अक्टूबर को चलने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट है। कई श्रेणियों में बुकिंग रेग्रेट हो चुकी है। पटना जाने वाली वंदे भारत और जनशताब्दी एक्सप्रेस में भी सीटों के लिए यात्रियों को परेशानी हो रही है। रांची से विभिन्न शहरों के लिए यात्रा करने वालों की संख्या में पिछले साल की तुलना में बड़ी वृद्धि दर्ज की गई है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रांची स्टेशन पर यात्रियों के प्रवेश और निकासी की व्यवस्था में बदलाव किया है। स्टेशन पर दक्षिणी गेट की सुविधा शुरू करने के साथ टिकट काउंटरों की संख्या भी बढ़ाई गई है।
Read More : झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भाजपा का हमला, मंत्री इरफान अंसारी से मांगा इस्तीफा
दुर्गापूजा में यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी
रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, रांची से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में एक साल के भीतर उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। 13 अक्टूबर 2025 को यात्रियों की संख्या 20,710 थी, जो 13 अक्टूबर 2026 को बढ़कर 44,755 हो गई। इसी तरह, 14 अक्टूबर 2025 को 40,610 यात्रियों ने सफर किया था। 14 अक्टूबर 2026 को यह संख्या बढ़कर 73,225 पहुंच गई। दुर्गापूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या का असर प्रमुख ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता पर भी दिख रहा है।
पटना, दिल्ली और जम्मूतवी जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग
आज रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस के चेयर कार में वेटिंग 57 और एग्जीक्यूटिव क्लास में 11 है। जनशताब्दी एक्सप्रेस के सेकंड सिटिंग में वेटिंग 84 तक पहुंच गई है। हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस के स्लीपर में 82 और थर्ड एसी में 48 यात्रियों की वेटिंग है। रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (20839) के स्लीपर क्लास में वेटिंग 161 है। हटिया-पटना पाटलिपुत्र एक्सप्रेस के स्लीपर में वेटिंग 80 है। वहीं, संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस के स्लीपर में वेटिंग 148 और हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस के सेकंड सिटिंग में वेटिंग 110 है। आगामी दिनों में भी कई ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता सीमित है। 18 अक्टूबर को हटिया-आनंद विहार एक्सप्रेस के स्लीपर में वेटिंग 72 है। संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस में 17 अक्टूबर को स्लीपर की वेटिंग 78 है। रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12453) में 18 अक्टूबर को थर्ड एसी की वेटिंग 35 है।
पूजा स्पेशल ट्रेनों में कहां मिल रही हैं सीटें?
रेलवे ने दुर्गापूजा के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए पूजा स्पेशल ट्रेनें भी चलाई हैं। इन ट्रेनों में कुछ तारीखों पर सीटें उपलब्ध हैं, जबकि अन्य में वेटिंग की स्थिति बनी हुई है। रांची-अलीपुरद्वार स्पेशल ट्रेन में 19 अक्टूबर को स्लीपर क्लास में 471 सीटें उपलब्ध हैं। 2 नवंबर को इस श्रेणी में उपलब्ध सीटों की संख्या बढ़कर 637 हो जाती है। हटिया-बेंगलुरु स्पेशल ट्रेन में 4 नवंबर को थर्ड एसी इकोनॉमी में 330 और थर्ड एसी में 267 सीटें उपलब्ध हैं। रांची-शालीमार स्पेशल ट्रेन में 23 अक्टूबर को स्लीपर क्लास में 286 सीटें खाली हैं। दूसरी ओर, रांची-अजमेर स्पेशल ट्रेन में 18 अक्टूबर को स्लीपर क्लास की वेटिंग 22 है।
रांची स्टेशन पर बढ़ाई गई यात्रियों की सुविधा
ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रांची स्टेशन पर प्रवेश और निकासी की व्यवस्था में बदलाव किया है। यात्रियों के लिए दक्षिणी गेट की सुविधा शुरू की गई है, जिससे स्टेशन पर आवाजाही की व्यवस्था में बदलाव हुआ है। दक्षिणी गेट के पास नवनिर्मित भवन में टिकट काउंटरों की संख्या भी बढ़ाई गई है। पहले यहां केवल एक काउंटर था, जिसे बढ़ाकर अब तीन कर दिया गया है। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि सफर पर निकलने से पहले संबंधित ट्रेन, यात्रा की तारीख और श्रेणी के अनुसार सीटों की उपलब्धता आरक्षण प्रणाली में जरूर जांच लें।




