रामगढ़। जिले के न्यू बगिया स्थित दामोदर नदी रोड पर बुधवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान झंडा चौक कुम्हार टोली निवासी सुमित अग्रवाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला धारदार हथियार, संभवतः चाकू से हमला कर हत्या की गई प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार सुमित अग्रवाल मंगलवार शाम करीब 7 बजे से लापता था। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिलने के कारण कोई सुराग नहीं मिल सका। बुधवार सुबह न्यू बगिया-दामोदर नदी रोड किनारे उसका शव मिलने की सूचना से परिवार और इलाके में शोक व आक्रोश का माहौल है। वहीं परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद रो-रो कर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी मुख्यालय अकरम रजा और रामगढ़ थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि वैज्ञानिक तरीके से जांच कर हत्या की गुत्थी सुलझाई जा सके।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि सुमित मंगलवार शाम किन लोगों के संपर्क में था। वह किस उद्देश्य से न्यू बगिया-दामोदर नदी रोड की ओर गया था और घटना से पहले उसकी गतिविधियां क्या थी. मृतक के परिचितों और संपर्क में रहे लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।
डीएसपी मुख्यालय ने दी जानकारी
डीएसपी मुख्यालय अकरम रजा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन तहकीकात कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।




