जमशेदपुर : जमशेदपुर और आसपास के लोगों के लिए जयपुर जाना अब आसान हो सकता है। टाटानगर रेलवे स्टेशन से जयपुर के खातीपुरा स्टेशन तक नई ट्रेन चलाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, 26 अक्टूबर को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जा सकती है। स्थानीय सांसद विद्युत वरण महतो ट्रेन को रवाना कर सकते हैं। अगर सब कुछ तय योजना के मुताबिक रहा, तो जमशेदपुर और आसपास के यात्रियों को जयपुर जाने के लिए एक नई रेल सेवा मिल जाएगी। इससे यात्रियों को सफर करने में सहूलियत होगी।
Read More : निशिकांत दुबे का राहुल गांधी पर आरोप, विदेशी सिंडिकेट से जुड़ाव का दावा
लंबे समय से हो रही थी सीधी ट्रेन की मांग
गुरुवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम में चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हूरिया ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान इस संबंध में जानकारी दी। टाटानगर से जयपुर के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से लंबे समय से उठाई जा रही थी। नई रेल सेवा शुरू होने से जमशेदपुर और आसपास के कारोबारियों, नौकरीपेशा लोगों, पर्यटकों और राजस्थान जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
झारसुगुड़ा से आसनबनी तक बिछेंगी पांचवीं-छठी रेल लाइन
रेल जन संवाद के दौरान डीआरएम तरुण हूरिया ने रेल नेटवर्क के विस्तार की योजना की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भविष्य में बढ़ने वाले रेल यातायात के दबाव को संभालने के लिए झारसुगुड़ा से टाटानगर होते हुए आसनबनी तक पांचवीं और छठी रेल लाइन बिछाने की योजना है। इसके लिए सर्वे का काम शुरू कर दिया गया है। अतिरिक्त रेल लाइनें बिछने से इस व्यस्त रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। इससे ट्रेनों की आवाजाही सुचारु बनाने और देरी की समस्या कम करने में मदद मिल सकती है।
यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों पर भी चर्चा
टाटानगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीआरएम ने क्षेत्र में चल रहे विभिन्न रेल विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं के विस्तार से जुड़े मुद्दों पर भी जानकारी दी। नई ट्रेन और अतिरिक्त रेल लाइन की योजनाओं से क्षेत्र के रेल संपर्क को बेहतर बनाने की उम्मीद है। हालांकि, जयपुर के खातीपुरा स्टेशन तक चलने वाली नई ट्रेन के उद्घाटन की तारीख को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। फिलहाल रेलवे सूत्रों के मुताबिक, 26 अक्टूबर को उद्घाटन संभावित है।




