रांची : रांची जोन का तीन दिवसीय तब्लीगी इज्तेमा शुक्रवार (13 नवंबर) से शुरू होगा। यह धार्मिक आयोजन 15 नवंबर तक चलेगा। इसमें रांची, लोहरदगा, खूंटी, गुमला और सिमडेगा समेत झारखंड के विभिन्न जिलों और दूसरे क्षेत्रों से लाखों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेहमानों की सुविधा के लिए जगह-जगह निःशुल्क सेवा शिविर लगाए गए हैं।
Read More : जनजातीय गौरव दिवस : जुएल ओराम को कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता
जिला परिषद सदस्य आदिल अजीम ने गुरुवार को प्रेस को बताया कि इज्तेमा में शामिल होने के लिए विभिन्न इलाकों से लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार की रात रांची और आसपास की अलग-अलग मस्जिदों से बड़ी संख्या में लोग बसों के माध्यम से इज्तेमा स्थल पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि यह आयोजन मुख्य रूप से रांची, लोहरदगा, खूंटी, गुमला और सिमडेगा जिलों के लिए है। हालांकि, इसमें झारखंड के अन्य क्षेत्रों के अलावा दूसरे इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है।
इज्तेमा की तैयारियों पर अमीर मो. इम्तियाज की नजर
आदिल अजीम ने कहा कि इज्तेमा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इज्तेमा के अमीर मो. इम्तियाज साहब स्वयं पूरी व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले मेहमानों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि तब्लीगी इज्तेमा का उद्देश्य लोगों को दीन की सही राह पर चलने, आपसी भाईचारे और मोहब्बत को बढ़ावा देने की सीख देना है। इसके साथ ही लोगों को जिंदगी बेहतर और सही तरीके से गुजारने के लिए प्रेरित किया जाता है। आयोजन के माध्यम से इंसानियत, आपसी एकता और अपने वतन से मोहब्बत का पैगाम भी दिया जाता है।
मेहमानों के लिए जगह-जगह लगाए गए निःशुल्क सेवा शिविर
आदिल अजीम ने कहा कि इज्तेमा को लेकर रांची, चान्हो, बलसोकरा, मदरसा चौक और लापुंग समेत पूरे झारखंड में उत्साह का माहौल है। उलेमा, समाजसेवी, नौजवान और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग आयोजन को सफल बनाने के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले मेहमानों की सुविधा के लिए जगह-जगह निःशुल्क सेवा शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में पानी, भोजन और अन्य जरूरी सामान मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा।
नौजवान कमेटी की ओर से भी दर्जनों सेवा स्टॉल
आदिल अजीम ने बताया कि उनकी और नौजवान कमेटी की ओर से भी दर्जनों सेवा स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर पानी, कोल्ड ड्रिंक, बिस्कुट, सेब, केला और अन्य फल सहित विभिन्न खाद्य सामग्री का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों में मेहमानों की खिदमत को लेकर खासा उत्साह है। हर कोई अपनी क्षमता के अनुसार सेवा में योगदान दे रहा है। अंत में जिला परिषद सदस्य आदिल अजीम ने इज्तेमा में शामिल होने आ रहे सभी मेहमानों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आयोजकों की कोशिश है कि यहां आने वाले हर व्यक्ति को बेहतर सुविधाएं मिलें और वह इज्तेमा से दीन, मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत का संदेश लेकर लौटे।


