खूंटी : खूंटी-चाईबासा मार्ग पर मुरहू थाना क्षेत्र के पंचघाघ स्थित कुड़की नाला पुल के पास सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल का गार्डवॉल तोड़ते हुए करीब 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उसमें सवार चारों युवक चमत्कारिक रूप से बच गए।
Read More : CM हेमंत का उपायुक्तों को निर्देश, हर घर पहुंचे जानकारी, प्रवासियों व आदिवासियों पर हो विशेष फोकस
घटना की सूचना मिलते ही मुरहू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुरहू पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
घायलों की पहचान, पुलिस कर रही सत्यापन
घायलों की पहचान सूरज कुमार, ध्रुव राज और गौरव कुमार के रूप में हुई है, जबकि कार चला रहे मिथुन कुमार को मामूली खरोंच आई है। सभी युवकों की उम्र 22 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सभी ने खुद को पटना (बिहार) का निवासी बताया, लेकिन कोई भी अपना स्पष्ट पता नहीं बता सका। किसी ने कंकड़बाग, किसी ने बरिया बस स्टैंड और किसी ने राजेंद्र नगर का पता बताया, जिससे उनकी वास्तविक पहचान का सत्यापन किया जा रहा है।
नशे की आशंका, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार
घायलों का इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. रंजय बाला ने बताया कि सभी युवक नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे। उन्होंने आशंका जताई कि शराब के अलावा किसी अन्य मादक पदार्थ का भी सेवन किया गया हो सकता है। हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। प्राथमिक जांच में पुलिस का मानना है कि तेज रफ्तार और नशे की हालत के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार पहले पुल का गार्डवॉल तोड़ते हुए आगे बढ़ी और फिर करीब 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी।
Read More : भोलानाथ सिंह द्वारा आदिवासियों और खिलाड़ियों पर अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं करेंगे
मुरहू थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि युवक किस स्थान से आ रहे थे, दुर्घटना से पहले कहां गए थे और उनका वास्तविक पता क्या है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




