नई दिल्ली : कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में गांधी परिवार से जुड़े कई ऐसे किस्से साझा किए हैं, जिनके बारे में अब तक ज्यादा बातें सामने नहीं आई थीं। किताब में उन्होंने राजीव गांधी के साथ शादी के शुरुआती दिनों, अपने पहले बच्चे को खोने के दर्द, इंदिरा गांधी के साथ रिश्तों और मेनका गांधी के साथ परिवार में हुए विवादों का भी जिक्र किया है। हार्परकॉलिन्स इंडिया से छपी 526 पन्नों की इस किताब में सोनिया ने अपनी जिंदगी से जुड़े कई भावुक पलों को भी याद किया है। किताब के मुताबिक, सितंबर 1968 में जब गांधी परिवार को पता चला कि सोनिया गांधी मां बनने वाली हैं, तो पूरे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई थी। आमतौर पर सख्त मिजाज रहने वाली इंदिरा गांधी भी यह खबर सुनकर अपनी खुशी नहीं रोक पाई थीं। उन्होंने सोनिया को गले लगाया और प्यार से चूमते हुए मजाक में कहा था कि एक बड़ा बच्चा अब दूसरे बच्चे को जन्म देने वाला है। लेकिन परिवार की यह खुशी ज्यादा दिनों तक नहीं टिक पाई और जल्द ही खुशियों के बीच दुख ने दस्तक दे दी।
Read More : छठ पर टाटानगर से छपरा के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन, जानें तारीख और टाइमिंग
18 जनवरी 1969 को हुआ था पहले बेटे का जन्म
सोनिया गांधी ने 18 जनवरी 1969 को एक बेटे को जन्म दिया था। किताब में उन्होंने बताया है कि बच्चे का जन्म सामान्य प्रसव से हुआ था, लेकिन वह निर्धारित समय से करीब दो महीने पहले पैदा हुआ था। जन्म के बाद बच्चे को इनक्यूबेटर में रखा गया। सोनिया लिखती हैं कि उन्होंने सबसे पहले उसकी रोने की आवाज सुनी। बाद में राजीव गांधी उन्हें बच्चे को दिखाने ले गए। सोनिया के मुताबिक, उनका बेटा बहुत छोटा, लेकिन पूरी तरह विकसित और सुंदर था। उसके घने काले बाल थे और उंगलियां लंबी तथा पतली थीं। राजीव उनके कंधे पर हाथ रखकर बच्चे को देखते रहे। दोनों को पहली नजर में ही उससे प्यार हो गया था। हालांकि, डॉक्टरों ने पहले ही राजीव को बता दिया था कि बच्चे के बचने की उम्मीद को लेकर संदेह है।
सुबह 6:30 बजे मिली बेटे की मौत की खबर
सोनिया गांधी ने किताब में उस दुखद सुबह का जिक्र करते हुए लिखा है कि एमी आंटी उनके पास थीं। सुबह करीब 6:30 बजे बच्चे की मौत हो गई। राजीव गांधी ने बेहद धीरे से सोनिया को यह खबर दी। यह सुनकर सोनिया को विश्वास नहीं हुआ। वह बार-बार पूछती रहीं कि ऐसा कैसे हो सकता है। दोनों पूरी तरह टूट चुके थे। उन्होंने एक-दूसरे को कसकर पकड़ लिया और फूट-फूटकर रोने लगे। सोनिया लिखती हैं कि राजीव की परवरिश भले ही अपनी भावनाएं जाहिर नहीं करने वाले माहौल में हुई थी, लेकिन उस दिन वह भी बहुत रोए। एमी कृष्णा उस समय इंदिरा गांधी के स्टाफ का हिस्सा थीं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही इंदिरा गांधी ने अपना दौरा बीच में छोड़ दिया। वह उस समय शहर से बाहर थीं। सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचीं और सोनिया-राजीव को गले लगाया। सोनिया के मुताबिक, इंदिरा की आंखें लाल और सूजी हुई थीं। वह काफी देर तक उनके साथ बैठीं। इंदिरा ने कहा कि वह उनके साथ रहना चाहती हैं, लेकिन उन्हें अपना दौरा पूरा करना होगा। अगले दिन सुबह वह वहां से चली गईं। सोनिया के अनुसार, इंदिरा इस बच्चे के जन्म का लंबे समय से इंतजार कर रही थीं और उसकी मौत से वह भी बेहद दुखी थीं।
बच्चे को नदी में प्रवाहित करने से सोनिया ने किया इनकार
बेटे की मौत के बाद परिवार के सामने उसके अंतिम संस्कार को लेकर मुश्किल खड़ी हो गई। सोनिया ने लिखा है कि उस समय हिंदू परंपरा के अनुसार नवजात बच्चे का दाह संस्कार नहीं किया जाता था। आमतौर पर ऐसे बच्चों के शव नदी में प्रवाहित कर दिए जाते थे। कब्रिस्तान में दफनाने का विकल्प भी आसान नहीं था। ईसाई कब्रिस्तान में बच्चे को दफनाने से विवाद हो सकता था और पास के पारसी कब्रिस्तान में भी इसकी अनुमति नहीं थी। नदी में प्रवाहित करने की बात सुनकर सोनिया को ओखला बैराज की एक पुरानी घटना याद आ गई। उन्होंने वहां एक व्यक्ति का फूला हुआ शव देखा था। कचरे के ढेर के कारण शव पानी के किनारे तक आ गया था और भूखे आवारा कुत्ते उसे खींचने की कोशिश कर रहे थे। इस घटना ने सोनिया को अंदर तक झकझोर दिया था। उन्होंने साफ कह दिया कि वह किसी भी कीमत पर अपने बच्चे को नदी में प्रवाहित नहीं होने देंगी। सोनिया ने लिखा कि बच्चा पहले ही जिंदगी जीने का मौका खो चुका था। ऐसे में उसके साथ ऐसा करना उन्हें बेहद निर्दयी और असहनीय लग रहा था।
मेहरौली में फिरोज गांधी के फार्महाउस में दफनाया गया बच्चा
आखिरकार परिवार ने बच्चे को मेहरौली स्थित फिरोज गांधी के फार्महाउस में दफनाने का फैसला किया। सोनिया के मुताबिक, यह फैसला उनके लिए बेहद दर्दनाक था, लेकिन कोई दूसरा रास्ता भी नहीं था। राजीव गांधी अस्पताल लौटे और उन्होंने सोनिया को बताया कि उन्होंने अपने भाई संजय गांधी के साथ मिलकर बच्चे को फार्महाउस में गुलाबी बोगनवेलिया की एक झाड़ी के नीचे गहराई में दफना दिया है। उस समय झाड़ी पर पूरी तरह फूल खिले हुए थे। यह जगह फार्महाउस की अंदरूनी चारदीवारी के बाईं ओर थी। सोनिया लिखती हैं कि इसके बाद जब भी वे फार्महाउस जाते थे, उस जगह कुछ देर रुकते और वहां एक फूल रख देते थे। इससे उनका दर्द कम नहीं हुआ, लेकिन धीरे-धीरे उन्हें इस सच्चाई को स्वीकार करना पड़ा।
गर्भावस्था के दौरान इंदिरा रखती थीं सोनिया का ख्याल
सोनिया ने अपनी किताब में गर्भावस्था के दौरान इंदिरा गांधी के व्यवहार का भी जिक्र किया है। वह बताती हैं कि इंदिरा उन्हें खानपान, टहलने और व्यायाम को लेकर सलाह देती थीं। सोनिया के मुताबिक, अपनी मां के सामने वह जिस बात के लिए मना कर सकती थीं, वैसा राजीव की मां के सामने करने का साहस उनमें नहीं था। उनकी नियमित जांच होती थी और उन्हें कोई खास परेशानी नहीं थी। हालांकि, उन्हें इतालवी खाना नहीं मिलने का दुख रहता था। इस दौरान उन्हें जामुन और फालसे जैसे फल खाने की इच्छा भी होने लगी थी। सोनिया ने यह भी लिखा है कि उन्हें संतरे के स्वाद वाला फैंटा पेय बहुत पसंद आने लगा था। वह रोज इसके करीब 12 गिलास पी जाती थीं।
बेटे को खोने के बाद खुद को दोषी मानने लगी थीं सोनिया
पहली संतान की मौत का सदमा सोनिया गांधी को लंबे समय तक परेशान करता रहा। वह खुद को उदास, कमजोर और दोषी महसूस करने लगी थीं। इसी दौरान एक दक्षिणपंथी विपक्षी अखबार में प्रकाशित लेख ने उनके दर्द को और बढ़ा दिया। लेख की हेडलाइन थी- ‘इंदिरा गांधी एक नाजायज बच्चे की दादी बनने की अपनी कोशिश में नाकाम रहीं।’ सोनिया ने लिखा है कि इस टिप्पणी ने उनके दिल पर गहरा घाव किया। उन्हें समझ नहीं आया कि आखिर उन्होंने ऐसा क्या किया था, जिसके लिए उन्हें इतनी नफरत का सामना करना पड़ रहा था। उनके मुताबिक, इस दुर्भावनापूर्ण टिप्पणी ने बच्चे को खोने के दर्द को और बढ़ा दिया। साथ ही उनके भीतर अपनी कमी का एहसास भी गहरा हो गया।
अक्टूबर 1969 में मिली दोबारा मां बनने की खुशखबरी
समय के साथ सोनिया का दुख धीरे-धीरे कम होने लगा। उन्होंने किताब में लिखा है कि उसी साल अक्टूबर में उन्होंने राजीव गांधी को दोबारा गर्भवती होने की जानकारी दी। इस खबर से दोनों खुश थे, लेकिन सोनिया के मन में पहले जैसी घटना दोबारा होने का डर भी था। इसके बाद 19 जून 1970 को उन्होंने राहुल गांधी को जन्म दिया।
मेनका गांधी से कैसे शुरू हुईं पारिवारिक दूरियां?
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में संजय गांधी और मेनका गांधी के रिश्ते तथा गांधी परिवार में उनके आने के बाद बदले माहौल का भी जिक्र किया है। किताब के अनुसार, 1973 के अंत में संजय गांधी की मुलाकात मेनका से कराई गई थी। उस समय मेनका 18 वर्ष से कम उम्र की थीं और संजय से करीब 10 साल छोटी थीं। एक साल के भीतर दोनों की शादी हो गई। शादी के समय मेनका 18 साल की थीं। सोनिया लिखती हैं कि मेनका बेहद जोशीली और बातूनी स्वभाव की थीं। शुरुआत में परिवार में छोटी उम्र की देवरानी का आना उन्हें अच्छा लगा, लेकिन धीरे-धीरे घर का माहौल बदलने लगा। उनके मुताबिक, छोटी-छोटी बातों पर परेशानियां होने लगीं। घर के कर्मचारी सोनिया को ‘बहुरानी’ कहकर बुलाते थे। सोनिया का मानना था कि वह और मेनका परिवार की बराबर की बेटियां हैं और दोनों के लिए अपनी जगह बनाने की पर्याप्त गुंजाइश थी। हालांकि, सोनिया के अनुसार, मेनका शायद इसे अपना अपमान समझती थीं। जब मेनका उनसे रूखे तरीके से बात करती थीं, तो वह घर की शांति बनाए रखने के लिए चुप रहती थीं। लेकिन बात हद से आगे बढ़ने पर वह भी सख्त जवाब देती थीं।
संजय और मेनका के बीच भी बढ़ने लगे थे मतभेद
सोनिया ने लिखा है कि शादी के कुछ समय बाद ही संजय और मेनका के बीच मतभेद परिवार के दूसरे सदस्यों को भी दिखाई देने लगे थे। दोनों के बीच बहस होने लगी और कई बार उनकी आवाजें ऊंची हो जाती थीं। सोनिया के मुताबिक, मेनका नाराज होने पर अपशब्दों का इस्तेमाल करती थीं। यहां तक कि इंदिरा गांधी के सामने भी ऐसे शब्द बोल देती थीं, जिन्हें परिवार में बोलना उचित नहीं माना जाता था। इससे संजय शर्मिंदा होते थे और परिवार के दूसरे लोग भी हैरान रह जाते थे। सोनिया का मानना था कि मिल-जुलकर रहने वाले परिवार में किसी युवा लड़की के लिए खुद को सहज बनाना आसान नहीं होता। खासकर तब, जब उसका स्वभाव लोगों से घुलने-मिलने वाला हो।
राजनीति में सक्रिय होने के बाद संजय पर बढ़ा मेनका का प्रभाव
किताब के अनुसार, जब मेनका संजय के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों और सभाओं में जाने लगीं, तो वह परिवार में कुछ हद तक घुलने-मिलने लगीं। सोनिया का कहना है कि धीरे-धीरे संजय पर मेनका का प्रभाव बढ़ने लगा था। इसका असर संजय और राजीव गांधी के रिश्तों पर भी पड़ा। सोनिया के मुताबिक, कुछ महीने पहले तक दोनों भाई बेहद करीब थे, लेकिन अब उनके बीच दूरियां बढ़ने लगी थीं। आपातकाल के बाद संजय गांधी राजनीतिक और सार्वजनिक गतिविधियों में ज्यादा सक्रिय हो गए थे। वह इंटरव्यू में अपनी राय रखने लगे और सरकारी कामकाज की धीमी रफ्तार तथा नौकरशाही की कार्यशैली पर सवाल उठाते थे। उनके कुछ विचारों को प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की आलोचना के तौर पर भी देखा जाता था। कांग्रेस के कुछ गुट संजय की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं का समर्थन करने लगे थे। सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा गांधी को संजय की कुछ गतिविधियां पसंद नहीं थीं। उन्हें लगता था कि मेनका उन्हें समझाने के बजाय उनकी राजनीतिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रही हैं। सोनिया के मुताबिक, इंदिरा गांधी ने अपने कैबिनेट सचिव पीएन धर से मेनका के बारे में कहा था, ‘उनके अभी से पर निकलने लगे हैं।’
1978 के चुनाव के बाद परिवार में बढ़ी कड़वाहट
सोनिया गांधी ने किताब में 1978 के चुनाव के बाद परिवार में हुई बातचीत का भी जिक्र किया है। उनके मुताबिक, राजीव गांधी का मानना था कि चुनाव में कांग्रेस की खराब स्थिति के लिए संजय गांधी भी काफी हद तक जिम्मेदार थे। संजय की जल्दबाजी, बिना अच्छी तरह सोचे योजनाओं को लागू करने और अच्छी सलाह नहीं मानने की आदत को इसकी वजह बताया गया। सोनिया के अनुसार, संजय कई बार अपनी मां को बताए बिना ही फैसले ले लेते थे। एक पारिवारिक बातचीत के दौरान राजीव ने गुस्से में संजय से कहा था कि वह उन्हें माफ नहीं कर सकते, क्योंकि उनकी वजह से इंदिरा गांधी को यह स्थिति झेलनी पड़ रही है। सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा गांधी भी परेशान और नाराज थीं। उन्होंने राजीव की बात का समर्थन करते हुए संजय से कहा था कि उन्होंने कई बार उन्हें बताए बिना आदेश जारी किए हैं। इस बातचीत में मेनका ने भी दखल दिया। इंदिरा गांधी ने आवाज ऊंची करते हुए उन्हें अपनी बात से इनकार करने की चुनौती दी। इसके बाद मेनका पीछे हट गईं, लेकिन परिवार के प्रति उनकी नाराजगी और बढ़ गई।
मेनका की टिप्पणियों से परिवार में बढ़ी परेशानी
सोनिया के मुताबिक, मेनका की व्यंग्य भरी टिप्पणियां परिवार के लिए लगातार परेशानी का कारण बनने लगी थीं। वह लिखती हैं कि मेनका उन्हें और परिवार के दूसरे सदस्यों को अपना दुश्मन मानती थीं। सोनिया का आरोप है कि मेनका अपने संपर्क वाले पत्रकारों के जरिए परिवार के बारे में खबरें फैलाती थीं। इनमें एक खबर ऐसी भी थी, जिसमें दावा किया गया था कि चुनाव हारने के बाद राजीव और सोनिया देश छोड़कर भागना चाहते थे। सोनिया ने लिखा है कि इस खबर से परिवार को काफी दुख पहुंचा था।
संजय गांधी की मौत के बाद भी नहीं थमा विवाद
23 जून 1980 को विमान हादसे में संजय गांधी की मौत हो गई। इसके बाद परिवार के भीतर परिस्थितियां और जटिल हो गईं। सोनिया गांधी के मुताबिक, माना जाता था कि मेनका की मां कांग्रेस में संजय के समर्थकों को उनकी विधवा के लिए राजनीतिक पद की मांग करने के लिए प्रोत्साहित कर रही थीं। हालांकि, इंदिरा गांधी का मानना था कि 23 साल की मेनका अभी बहुत छोटी और अपरिपक्व हैं। उन्हें इतनी जल्दी नेतृत्व की जिम्मेदारी नहीं दी जानी चाहिए। इंदिरा चाहती थीं कि मेनका अपने तीन महीने के बेटे फिरोज वरुण गांधी की देखभाल करें और धैर्य रखें। उनका मानना था कि मेनका के पास अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए आगे काफी समय है। लेकिन कुछ ही समय में मेनका और गांधी परिवार के बीच दूरियां बढ़ने लगीं।
वरुण गांधी के पहले जन्मदिन पर भी हुआ विवाद
संजय गांधी की मौत के एक साल के भीतर ही मेनका के परिवार से अलग होने के संकेत मिलने लगे थे। सोनिया के अनुसार, इंदिरा गांधी ने अपने पोते फिरोज वरुण गांधी का पहला जन्मदिन परिवार के बीच मनाने का सुझाव दिया था। बाद में उन्हें पता चला कि वरुण का जन्मदिन ग्वालियर की पूर्व राजमाता की बेटी वसुंधरा राजे के घर मनाया गया था। सोनिया ने अपनी किताब में लिखा है कि वसुंधरा राजे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की समर्थक थीं और इंदिरा गांधी की राजनीतिक विरोधी भी थीं। सोनिया का मानना था कि यह आयोजन इंदिरा गांधी को चोट पहुंचाने के इरादे से किया गया था। उन्होंने आगे लिखा है कि वसुंधरा राजे ने बाद में मेनका की पत्रिका को आरएसएस के एक सदस्य को बेचने में भी मदद की थी। सोनिया के अनुसार, यह कदम इंदिरा गांधी के साथ-साथ उनके बेटे और पिता की याद का भी अपमान था। उन्होंने इसे अपनी सास के लिए जानबूझकर दी गई चुनौती बताया।
इंदिरा गांधी ने मेनका को घर छोड़ने के लिए कहा
सोनिया गांधी के मुताबिक, जब इंदिरा गांधी सरकारी दौरे पर लंदन गई हुई थीं, उसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि मेनका घर से अपना सामान बाहर निकलवा रही हैं। लंदन से लौटने के बाद इंदिरा ने मेनका को उनकी राजनीतिक गतिविधियों और परिवार के प्रति उनके रवैये को लेकर फटकार लगाई। उन्होंने साफ कर दिया कि मेनका को या तो अपनी गतिविधियां बंद करनी होंगी या फिर कहीं और जाकर रहना होगा। सोनिया लिखती हैं कि इसके जवाब में मेनका ने आरोपों से भरा एक पत्र भेजा। उनके अनुसार, मेनका की मंशा ऐसा विवाद खड़ा करने की थी, जिससे उन्हें घर छोड़ना पड़े और सार्वजनिक रूप से इसकी जिम्मेदारी इंदिरा गांधी पर डाली जा सके। सोनिया का दावा है कि मेनका ने अपनी इस योजना के बारे में कई सप्ताह पहले ही एक पत्रकार मित्र को बता दिया था।
घर छोड़ने के लिए राजीव और सोनिया को भी ठहराया जिम्मेदार
सोनिया के अनुसार, मेनका ने घर छोड़ने के बाद इसके लिए केवल इंदिरा गांधी को ही जिम्मेदार नहीं ठहराया, बल्कि राजीव और सोनिया पर भी आरोप लगाए। सोनिया ने किताब में लिखा है कि पूरी घटना को जिस तरह तोड़-मरोड़कर पेश किया गया और उसके बाद जिस तरह प्रचार हुआ, उसने इस पारिवारिक विवाद को एक सार्वजनिक तमाशे में बदल दिया था। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की तुलना आज के दौर के रियलिटी शो से की है।
वरुण गांधी से मिलने के लिए चली कानूनी लड़ाई
मेनका के गांधी परिवार से अलग होने के बाद वरुण गांधी से मिलने को लेकर भी विवाद हुआ। सोनिया के मुताबिक, मेनका ने परिवार के सदस्यों को वरुण से मिलने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कानूनी लड़ाई चली। सोनिया लिखती हैं कि जब कानूनी कार्यवाही लंबी खिंच रही थी, उसी दौरान वरुण का चौथा जन्मदिन आ गया। उस समय इंदिरा गांधी पंजाब में बढ़ते तनाव और संकट को लेकर व्यस्त थीं। उन्होंने सोनिया से कहा कि वह वरुण के नर्सरी स्कूल जाकर उसके लिए कुछ उपहार छोड़ आएं। अगले दिन अखबारों में मेनका का आरोप प्रकाशित हुआ कि सोनिया को बच्चे का अपहरण करने के लिए भेजा गया था। सोनिया के मुताबिक, मेनका के वकील को इंदिरा गांधी का आखिरी जवाब 19 अप्रैल 1984 को भेजा गया था। यह उस सैन्य कार्रवाई से दो महीने से भी कम समय पहले की बात थी, जिसे बाद में ऑपरेशन ब्लू स्टार के नाम से जाना गया।
मेनका गांधी ने कब ज्वाइन की बीजेपी?
सोनिया गांधी ने किताब में मेनका के राजनीतिक सफर का भी उल्लेख किया है। मेनका गांधी ने 1984 के लोकसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें राजीव गांधी ने हराया था। इसके बाद 1988 में मेनका गांधी वीपी सिंह की जनता दल में शामिल हो गईं। वर्ष 2004 में उन्होंने औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का दामन थाम लिया।
526 पन्नों की किताब में सोनिया के जीवन का सफर
हार्परकॉलिन्स इंडिया की ओर से प्रकाशित सोनिया गांधी की 526 पन्नों की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में उनके निजी और राजनीतिक जीवन के कई पहलुओं का जिक्र है। इसमें युद्ध के बाद इटली में बीता उनका बचपन, नेहरू-गांधी परिवार में शादी, राजीव गांधी के साथ जीवन, उनकी हत्या और सोनिया के राजनीति में आने तक का सफर शामिल है। किताब के जरिए सोनिया गांधी ने पहली बार अपने जीवन के कई बेहद निजी अनुभवों को विस्तार से सामने रखा है। इनमें पहली संतान को खोने का दर्द और गांधी परिवार के भीतर रिश्तों में आई तल्खी के प्रसंग भी शामिल हैं।


