रांची : रांची नगर निगम क्षेत्र की नदियों और जलाशयों के समग्र संरक्षण, पुनर्जीवन और सतत प्रबंधन के लिए अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान (URMP) तैयार करने की दिशा में पहल जारी है। इसी क्रम में बुधवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में URMP की तैयारी के लिए गठित मल्टी स्टेकहोल्डर वर्किंग ग्रुप की दूसरी बैठक आयोजित की गई। बैठक में रांची की नदियों और जलाशयों की वर्तमान स्थिति, उनके संरक्षण एवं पुनर्जीवन, सीवेज प्रबंधन, प्रकृति-आधारित समाधानों (Nature-based Solutions) और जनभागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। विभिन्न स्टेकहोल्डर्स और संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने योजना को प्रभावी और व्यवहारिक बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए।
Read More : रांची में दुर्गा पूजा की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे सुबोध कांत सहाय
क्या है अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान
अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान शहरों से होकर गुजरने वाली नदियों और जल निकायों के संरक्षण, पुनर्जीवन और बेहतर प्रबंधन को शहरी नियोजन के साथ जोड़ने वाला एक रणनीतिक ढांचा है। रांची के लिए यह योजना राष्ट्रीय नगर कार्य संस्थान (NIUA) और राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) द्वारा विश्व बैंक के सहयोग से तैयार की जा रही है। बैठक में NIUA की टीम ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से रांची शहर की नदियों और जलाशयों से संबंधित अध्ययन तथा उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। इसके साथ ही संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए प्रकृति-आधारित समाधानों, सीवेज प्रबंधन, जल निकायों के संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की जरूरत पर भी चर्चा हुई।
हरमू और स्वर्णरेखा नदी पर रहेगा विशेष फोकस
‘नमामि गंगे’ कार्यक्रम के तहत गंगा बेसिन के 60 शहरों के लिए अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान तैयार किया जा रहा है। इसमें रांची शहर भी शामिल है। रांची के URMP के तहत हरमू नदी, स्वर्णरेखा नदी के शहरी क्षेत्र और शहर के प्रमुख तालाबों एवं झीलों के संरक्षण, पुनर्जीवन और समग्र प्रबंधन पर विशेष रूप से काम किया जाएगा। योजना में ग्रीन एवं ब्लू इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को भी शामिल किया गया है।
नगर आयुक्त ने समन्वय और जनभागीदारी पर दिया जोर
बैठक को संबोधित करते हुए नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि शहर के इकोसिस्टम और जैव विविधता के संतुलन को बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों, संस्थाओं और नागरिकों के बीच समन्वय और सक्रिय सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि जल निकायों का दीर्घकालिक संरक्षण केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए नागरिकों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव और जनभागीदारी भी महत्वपूर्ण है। नगर आयुक्त ने संबंधित विभागों और संस्थाओं को URMP के उद्देश्यों के अनुरूप समन्वित रूप से काम करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
कई विभागों और संस्थाओं के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, NMCG के प्रोजेक्ट लीड राहुल सचदेवा, Alluvium Group के टीम लीड मनु भटनागर, बायोडायवर्सिटी एक्सपर्ट एवं सेवानिवृत्त IFS अधिकारी डॉ. गीता राम साहिब, सहायक नगर आयुक्त राहुल यादव समेत विभिन्न विभागों और संस्थाओं के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जुडको, कृषि निदेशालय, रांची विश्वविद्यालय और झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (JSPCB) सहित अन्य संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।





