रांची : रांची नगर निगम द्वारा आयोजित किए जा रहे ‘सखुआ महोत्सव-2026’ की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। महोत्सव के सफल आयोजन और सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के उद्देश्य से महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार और नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शुभारंभ स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंच निर्माण, पौधारोपण, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, रोशनी, सुरक्षा, पार्किंग और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया गया। नगर निगम के अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी करने का निर्देश दिया गया।
Read More : रांची अपर बाजार पुनर्विकास : नगर निगम और चैंबर ऑफ कॉमर्स की बैठक
पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक पहचान का जन अभियान
महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि सखुआ महोत्सव केवल एक वृक्षारोपण कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने का जन अभियान है। इस महोत्सव के जरिए नागरिकों, सामाजिक संगठनों और शैक्षणिक संस्थानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पौधों की उपलब्धता, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं। रांची नगर निगम ने शहरवासियों से इस अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण के इस आंदोलन का हिस्सा बनने की अपील की है। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, कार्यपालक अभियंता, नगर प्रबंधक सहित अभियंत्रण और स्वच्छता शाखा की टीम उपस्थित थी।




