रांची : राजधानी रांची के लालपुर थाना इलाके में पुलिस ने एक युवक के पास से दुर्लभ प्रजाति का रेड सैंड बोआ सांप बरामद किया है। पकड़े गए युवक की पहचान टीलू के रूप में हुई है। वह हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने वन विभाग को खबर दी। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। फिलहाल युवक से पूछताछ की जा रही है कि उसके पास यह सांप कहां से आया और वह इसे लेकर क्या करने वाला था।
Read More : धुर्वा के शालीमार मैदान में रावण-कुंभकर्ण के पुतलों का हुआ दहन
पुलिस को देखकर दो लोग फरार
जानकारी के अनुसार, लालपुर थाना क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों को रोका था। पुलिस को देखकर दो लोग मौके से फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके झोले से रेड सैंड बोआ सांप मिला। इसके बाद पुलिस ने वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सांप को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
टीलू ने बताया, दोस्त का है सांप
पकड़े गए युवक टीलू ने पूछताछ के दौरान वन विभाग को बताया कि सांप उसके दोस्त का है। अब पुलिस और वन विभाग की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि सांप कहां से लाया गया था और उसे रांची लाने के पीछे क्या उद्देश्य था। मौके से फरार हुए दोनों लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल टीलू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
रेड सैंड बोआ सांप की कीमत को लेकर क्या है दावा?
रांची के डीएफएओ श्रीकांत ने बताया कि रेड सैंड बोआ दुर्लभ प्रजाति का सांप है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस सांप की ऊंची कीमत मिलने के दावे किए जाते हैं। इसके आकार के साथ इसकी कीमत बढ़ने की बात भी कही जाती है। हालांकि, इस सांप की कीमत करोड़ों रुपये होने संबंधी दावों की कोई प्रमाणिकता नहीं है। इसकी कोई प्रमाणित और तय कीमत सामने नहीं है।
अंधविश्वास और अवैध कारोबार से भी जुड़ी है मांग
जानकारों के अनुसार, रेड सैंड बोआ सांप को लेकर कई देशों में तरह-तरह की मान्यताएं प्रचलित हैं। चीन और दक्षिण-पूर्व एशिया के कुछ देशों में पारंपरिक चिकित्सा और लोक मान्यताओं के कारण इसकी मांग होने की बात सामने आती रही है। इसके अलावा, कुछ लोग इस सांप को धन और सौभाग्य से जोड़कर देखते हैं। ऐसी मान्यताओं के चलते भी इसके अवैध कारोबार की बात सामने आती रही है। हालांकि, सांप से जुड़ी इन मान्यताओं का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है।




