टोक्यो : भारत की स्टार शटलर और पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधु ने रविवार को जापान ओपन सुपर 750 का खिताब जीतकर नया इतिहास रच दिया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने मेजबान जापान की चार बार की चैंपियन अकाने यामागुची को 21-17, 21-17 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही सिंधु जापान ओपन जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। यह दिसंबर 2024 में सैयद मोदी टूर्नामेंट जीतने के बाद सिंधु का पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब है। साथ ही, सुपर 750 या उससे ऊपर के स्तर पर उनका सात साल का इंतजार भी इस जीत के साथ समाप्त हो गया।
Read More : अमरनाथ यात्रा 2026 पर अस्थायी रोक, खराब मौसम के चलते आज से दोनों मार्ग बंद
फाइनल में दिखाया दमदार खेल
टोक्यो मेट्रोपॉलिटन जिम्नेजियम में खेले गए फाइनल की शुरुआत सिंधु ने आक्रामक अंदाज में की और शुरुआती बढ़त बनाई। हालांकि यामागुची ने वापसी करते हुए मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। पहले गेम में 17-17 के स्कोर तक दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन इसके बाद सिंधु ने लगातार चार अंक जीतकर पहला गेम 21-17 से अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में भी भारतीय स्टार ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। उन्होंने शुरुआती बढ़त हासिल की और मिड-गेम ब्रेक तक 11-7 से आगे रहीं। ब्रेक के बाद सिंधु ने अपनी लय बरकरार रखते हुए बढ़त को मजबूत किया। यामागुची ने वापसी की कोशिश की, लेकिन सिंधु ने लगातार तीन मैच प्वाइंट हासिल कर 21-17 से दूसरा गेम और मुकाबला जीत लिया।
दो साल बाद मिला बड़ा खिताब
टूर्नामेंट के दौरान सिंधु ने प्री-क्वार्टर फाइनल में विश्व नंबर-5 हान यू को हराया। वहीं क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में उनकी प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों ने चोट के कारण मुकाबले से नाम वापस ले लिया। फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंधु ने खिताब जीतकर भारतीय बैडमिंटन को एक और बड़ी उपलब्धि दिलाई।




