सिमडेगा : राजकीय रामरेखा महोत्सव 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए शनिवार को रामरेखा धाम परिसर में DC कंचन सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में रामरेखा धाम समिति के सदस्य और अलग-अलग विभागों के अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा से लेकर सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, पीने के पानी, बिजली, इलाज और साफ-सफाई तक की व्यवस्था पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि महोत्सव शुरू होने से पहले सारी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं, ताकि धाम आने वाले लोगों को किसी तरह की दिक्कत न झेलनी पड़े।
Read More : नेहा बोरा ने बॉन्ड भरने से किया इनकार, जानें पूरा मामला
11 पार्किंग स्थलों पर तैनात होंगे मजिस्ट्रेट और सुरक्षाकर्मी
महोत्सव के दौरान वाहनों की आवाजाही सुचारू रखने के लिए 11 पार्किंग स्थलों को चिह्नित किया गया है। उपायुक्त ने इन जगहों पर मजिस्ट्रेट, सुरक्षाकर्मी और रामरेखा धाम समिति के वॉलंटियर्स तैनात करने का निर्देश दिया। पार्किंग की व्यवस्था संभालने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में पार्किंग प्रबंधन समिति गठित करने की बात भी कही गई।

चार जगह बनेंगे स्वास्थ्य केंद्र
श्रद्धालुओं की सेहत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रामरेखा धाम में चार जगहों पर स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाएंगे। सिविल सर्जन ने बैठक में इसकी जानकारी दी। उपायुक्त ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने रामरेखा जलापूर्ति योजना की मरम्मत कराकर नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। निर्माणाधीन शौचालयों को जल्द पूरा करने, पुराने शौचालयों की मरम्मत कराने और जरूरत के मुताबिक अस्थायी शौचालय बनाने को कहा गया। इसके अलावा पुलिसकर्मियों, खासकर महिला सुरक्षाकर्मियों के ठहरने, भोजन, पेयजल और शौचालय की उचित व्यवस्था करने पर जोर दिया गया। बैठक में साधु-संतों के ठहरने, दाल-भात केंद्र और दीदी कैफे के संचालन को लेकर भी चर्चा हुई।
दुकानों के लिए एक रंग के छप्पर लगाने पर जोर
महोत्सव में मेले की दुकानों को व्यवस्थित रखने के लिए एक ही रंग के तिरपाल और छप्पर लगाने पर जोर दिया गया। दुकानों में बिजली कनेक्शन का काम भी समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया। दुकानदारों से एकरूप रंग के छप्पर लगाने का अनुरोध करने की जिम्मेदारी रामरेखा धाम समिति को सौंपी गई है। साथ ही दुकानदारों को सड़क पर दुकान नहीं लगाने का निर्देश दिया गया, ताकि यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही में परेशानी न हो।
निर्माण कार्यों का भी DC ने लिया जायजा
बैठक के बाद DC कंचन सिंह ने रामरेखा धाम में चल रहे भवन निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संग्रहालय भवन का निर्माण महोत्सव से पहले पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही टाइल्स और मार्बल की गुणवत्ता बेहतर रखने को कहा, ताकि निर्माण कार्य टिकाऊ हो। बैठक में बताया गया कि अलग-अलग सड़कों के निर्माण और नई सड़कों की स्वीकृति के लिए संबंधित विभागों को प्रस्ताव भेजे गए हैं।

इस बैठक में उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो, एसडीओ सुमंत तिर्की, सिविल सर्जन डॉ. सुंदर मोहन सामद, एसडीपीओ धर्मदेव पासवान, जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेश रजक, जनसंपर्क पदाधिकारी पलटू महतो, जिला परिवहन पदाधिकारी संजय बखला, कार्यपालक अभियंता अमृत मिंज समेत रामरेखा धाम समिति के अध्यक्ष अखंड दास जी, सचिव ओम प्रकाश साहू और समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे।




