हजारीबाग : जिले में शनिवार तड़के पुलिस और राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। कांटा घर रोड के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो अपराधी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। घायल अपराधियों की पहचान बादल कुमार और रोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। यह घटना सुबह करीब 3:50 बजे की है।
कैसे हुई घटना?
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रामगढ़ के भुरकुंडा की ओर से बाइक सवार अपराधी किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से आ रहे हैं। सूचना के आधार पर बड़कागांव और उरीमारी थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से कांटा घर रोड पर चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए।
पुलिस पर अपराधियों ने की फायरिंग
पुलिस टीम ने भुरकुंडा की तरफ से आ रही बाइक को रुकने का इशारा किया। हालांकि, रुकने के बजाय बाइक सवार अपराधियों ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।
एक अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी और वे मौके पर ही गिर पड़े। वहीं, उनका तीसरा साथी अंधेरे और पास के जंगल का फायदा उठाकर पुलिस पर फायरिंग करते हुए फरार होने में सफल रहा।
Read More : छात्र आंदोलन को राजनीतिक रंग देने का आरोप, झामुमो ने भाजपा को घेरा
पुलिस की आगे की कार्रवाई
घायल दोनों अपराधियों को पुलिस कस्टडी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस फरार अपराधी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।








