मारवाड़ी भवन में ‘परंपरा’ प्रदर्शनी का आगाज, संस्कृति और महिला उद्यमिता का दिखा संगम

रांची : मारवाड़ी सहायक समिति की ओर से हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में चार दिवसीय सांस्कृतिक एवं पारंपरिक महोत्सव ‘परंपरा’ का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन आज से 2 अगस्त 2026 तक चलेगा। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं

मारवाड़ी भवन

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : मारवाड़ी सहायक समिति की ओर से हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में चार दिवसीय सांस्कृतिक एवं पारंपरिक महोत्सव ‘परंपरा’ का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन आज से 2 अगस्त 2026 तक चलेगा। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर उप महापौर नीरज कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि महिला उद्यमियों ने इस प्रदर्शनी के माध्यम से अच्छा प्रयास किया है। यहां अलग ऊर्जा और उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को पारंपरिक कला और संस्कृति से जोड़ने का बेहतर माध्यम हैं। मारवाड़ी समाज की परंपराएं सराहनीय हैं।

Read More : महिला थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना रिश्वत लेते गिरफ्तार, एसीबी की बड़ी कार्रवाई

महिला उद्यमियों को मिला कारोबार बढ़ाने का मंच

मारवाड़ी सहायक समिति के अध्यक्ष पवन शर्मा ने कहा कि समिति समय-समय पर सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक क्षेत्रों में समाज हित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती है। ‘परंपरा’ महोत्सव का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के छोटे व्यवसाय और घरेलू उत्पादों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से घरेलू उत्पादों को उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के साथ छोटे उद्योगों और पारंपरिक कला से जुड़े लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। समिति के सचिव विनोद जैन ने कहा कि चार दिवसीय आयोजन में संस्कृति, परंपरा, कला, हस्तशिल्प, खान-पान और समाज की विभिन्न प्रतिभाओं को एक मंच दिया गया है।

कई राज्यों से पहुंचे महिला उद्यमी, 90 से अधिक स्टॉल

प्रदर्शनी में राजस्थान, पंजाब, ओडिशा और झारखंड सहित कई राज्यों से महिला उद्यमी शामिल हुई हैं। आयोजन में 90 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जहां एक हजार से ज्यादा प्रकार के उत्पाद उपलब्ध हैं। स्टॉलों पर भगवान के श्रृंगार की सामग्री, महिलाओं के श्रृंगार के सामान, घर की सजावट की वस्तुएं, बच्चों के लिए उपहार, घरेलू उत्पाद और विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध हैं। इसके अलावा हर्बल उत्पाद, ज्योतिष और वास्तु से जुड़े उत्पाद, ऑर्गेनिक मसाले, आर्टिफिशियल आभूषण, घरों के बंदनवार, जयपुरी बेडशीट, रजाई, कंफर्टर, डोर मैट, सोफा सेट, कुर्ती, लेडीज सूट, इंडो-वेस्टर्न गाउन, सिल्क साड़ी, लहंगा और बैग समेत कई तरह के उत्पाद प्रदर्शनी में रखे गए हैं।

प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा आयोजन

यह आयोजन प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक संचालित होगा। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पारंपरिक प्रदर्शनी, मनोरंजक गतिविधियां और विभिन्न प्रकार के खान-पान के व्यंजनों का आयोजन किया जाएगा। मुख्य संयोजक विनीता सिंघानिया ने बताया कि गुरुवार को शाम 5 बजे से आयोजन स्थल पर सावन सिंघारा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

उप महापौर नीरज कुमार ने कहा कि महिला उद्यमियों की बड़ी भागीदारी महिला सशक्तिकरण का अच्छा उदाहरण है। समिति के सचिव विनोद जैन और प्रोजेक्ट चेयरमैन अरुण भरतिया ने रांचीवासियों से परिवार के साथ आयोजन में शामिल होने और भारतीय संस्कृति तथा मारवाड़ी समाज की समृद्ध परंपराओं का आनंद लेने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन मुख्य संयोजक विनीता सिंघानिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन समिति के सचिव विनोद जैन ने दिया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और महिला संयोजकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *