रांची : झारखंड में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है। मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार आज यानी 1 सितंबर को राज्य के लगभग सभी हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि राज्य के कुछ इलाकों में मुसलाधार बारिश हो सकती है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव का खतरा उत्पन्न हो गया है।
Read More : लियोनेल मेसी ने इंटरनेशनल फुटबॉल से लिया संन्यास, बताई पूरी वजह
इन 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम केंद्र ने उत्तर-पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी झारखंड के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके तहत गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिले अत्यधिक प्रभावित हो सकते हैं। अचानक होने वाली तेज बारिश से निचले क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने स्थानीय प्रशासन और नागरिकों को नदी-नालों तथा जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने और विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
रांची समेत 4 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने राजधानी रांची समेत खूंटी, चतरा और सरायकेला-खरसावां जिले में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। 2 सितंबर को भी झारखंड के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। इस दिन खासतौर पर गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश हो सकती है। वहीं 3 सितंबर से बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आने के संकेत हैं। हालांकि, आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज, वज्रपात और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का दौर बना रहेगा।
महुआडांड में सबसे ज्यादा 171 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 171 मिमी बारिश लातेहार जिले के महुआडांड में दर्ज की गई। इस दौरान बोकारो में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।




