रांची में अब घर के नजदीक मिलेंगी नगर निगम की सेवाएं, खुले 5 नए कार्यालय

रांची : रांची नगर निगम ने गांधी जयंती के अवसर पर नागरिक सुविधाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को महापौर श्रीमती रोशनी खलखो और उप महापौर श्री नीरज कुमार ने निगम क्षेत्र में स्थापित पांच नए

नगर निगम
पांच नए अंचल कार्यालयों का उद्घाटन

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

रांची : रांची नगर निगम ने गांधी जयंती के अवसर पर नागरिक सुविधाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को महापौर श्रीमती रोशनी खलखो और उप महापौर श्री नीरज कुमार ने निगम क्षेत्र में स्थापित पांच नए अंचल कार्यालयों का विधिवत उद्घाटन किया। इन कार्यालयों के शुरू होने से नागरिकों को नगर निगम की सेवाएं अपने नजदीकी क्षेत्र में मिल सकेंगी और मुख्यालय तक आने-जाने में लगने वाले समय की बचत होगी।

Read More : रांची में दुर्गा पूजा पंडालों का डीसी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा के निर्देश

रांची नगर निगम की स्थापना के 47 वर्ष पूरे हो चुके हैं। अब तक निगम मुख्यालय के अलावा केवल डोरंडा अंचल कार्यालय के माध्यम से निगम स्तर की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही थीं। शहर की बढ़ती आबादी, निगम क्षेत्र के विस्तार और नागरिकों की जरूरतों को देखते हुए पहली बार पांच नए अंचल कार्यालय शुरू किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को सामान्य नगर निगम सेवाओं और समस्याओं के समाधान के लिए लंबी दूरी तय कर मुख्यालय आने से राहत देना है। अब संबंधित क्षेत्रों के लोगों को अपने आसपास ही आवश्यक सेवाएं और सहायता मिल सकेगी।

इन पांच स्थानों पर खुले नए अंचल कार्यालय

रांची नगर निगम ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पांच नए अंचल कार्यालय शुरू किए हैं। इनके स्थान इस प्रकार हैं :

  • बड़ा तालाब: वार्ड संख्या 21 स्थित सामुदायिक भवन।

  • पंडरा: वार्ड संख्या 32 स्थित पंचायत कार्यालय।

  • बांधगाड़ी: वार्ड संख्या 06 स्थित सामुदायिक भवन।

  • धुर्वा: वार्ड संख्या 40 स्थित सामुदायिक भवन, सेक्टर-3 बाजार, एचईसी।

  • तुपुदाना: वार्ड संख्या 53।

इन कार्यालयों के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों को नगर निगम की विभिन्न सेवाएं और सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा संबंधित अंचलों के वार्डों में सफाई, पथ प्रकाश, जलापूर्ति और अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं की निगरानी की जाएगी। निगम ने स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान को भी प्राथमिकता देने की बात कही है।

महापौर ने कहा- नागरिकों के करीब पहुंचेंगी निगम की सेवाएं

उद्घाटन के अवसर पर महापौर श्रीमती रोशनी खलखो ने कहा कि गांधी जयंती पर पांच अंचल कार्यालयों की शुरुआत रांची नगर निगम के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। निगम का मूल उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए जरूरी है कि सेवाएं लोगों के अधिक से अधिक करीब पहुंचें। उन्होंने कहा कि नए कार्यालयों से नागरिकों के समय, श्रम और आवागमन की बचत होगी। लोगों को अपने क्षेत्र के नजदीक ही नगर निगम से जुड़ी सेवाएं और आवश्यक सहायता मिल सकेगी। महापौर ने सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों से नागरिकों के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह रहते हुए काम करने की अपील की।

उप महापौर बोले- विकेंद्रीकरण समय की जरूरत

उप महापौर श्री नीरज कुमार ने कहा कि नए अंचल कार्यालयों की शुरुआत के साथ इतिहास रचने का काम किया गया है। रांची नगर निगम क्षेत्र का लगातार विस्तार हुआ है। शहर की जनसंख्या और नागरिकों की आवश्यकताएं भी बढ़ी हैं। ऐसे में निगम की सेवाओं का विकेंद्रीकरण समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नए कार्यालयों से नगर निगम और नागरिकों के बीच की दूरी कम होगी। स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी और त्वरित तरीके से किया जा सकेगा। उप महापौर ने कहा कि अंचल कार्यालयों को केवल कार्यालय तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इन्हें नागरिकों के स्थानीय सेवा केंद्र के रूप में काम करना चाहिए।

नागरिकों के फीडबैक से होगा कार्यालयों में सुधार

नगर आयुक्त ने कहा कि नए अंचल कार्यालय शुरू करने का प्रमुख उद्देश्य नगर निगम की सेवाओं का विकेंद्रीकरण कर उन्हें नागरिकों के द्वार तक पहुंचाना है। अब संबंधित क्षेत्रों के लोगों को छोटी-छोटी नगर निगम सेवाओं और शिकायतों के लिए मुख्यालय आने की जरूरत कम होगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर पदाधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता से समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी। साथ ही, क्षेत्र की बुनियादी नागरिक सुविधाओं की निगरानी भी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।

नगर आयुक्त ने बताया कि नागरिकों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर अंचल कार्यालयों में सुधार किया जाएगा। इसके अलावा भविष्य में और अंचल कार्यालय खोलने पर भी विचार किया जाएगा। कार्यक्रम में माननीय वार्ड पार्षदगण, अपर नगर आयुक्त श्री संजय कुमार, उप नगर आयुक्त श्री रविंद्र कुमार, कार्यपालक अभियंता, सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक सहित रांची नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.