सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने एवं जलाशयों के संरक्षण को लेकर नगर आयुक्त ने किया स्थल निरीक्षण

रांची। रांची नगर निगम द्वारा सरकारी भूमियों को अतिक्रमण मुक्त करने, जलाशयों के संरक्षण एवं शहर में नागरिकों के लिए बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं के विकास की दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम

सरकारी भूमि

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची। रांची नगर निगम द्वारा सरकारी भूमियों को अतिक्रमण मुक्त करने, जलाशयों के संरक्षण एवं शहर में नागरिकों के लिए बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं के विकास की दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को नगर आयुक्त  सुशांत गौरव ने निगम की टीम के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड संख्या-47, नामकुम रेलवे स्टेशन के समीप स्थित 72 डिसमिल केशरी हिंद भूमि (खाता संख्या-132, प्लॉट संख्या-90) तथा वार्ड संख्या-51, हटिया स्थित कल्याणपुर तालाब का निरीक्षण किया गया।
वार्ड संख्या-47 में केशरी हिंद भूमि के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, क्षेत्र की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए उक्त भूमि पर जनकल्याणकारी एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं विकसित करने की संभावनाओं का आकलन कर प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया। भूमि पर वर्तमान में निवासरत परिवारों को नियमानुसार आवास योजना से जोड़ने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया गया, ताकि कार्रवाई के साथ-साथ प्रभावित परिवारों को भी उचित आवासीय सुविधा से जोड़ा जा सके।
इसके पश्चात नगर आयुक्त ने वार्ड संख्या-51, हटिया स्थित कल्याणपुर तालाब (2 एकड़ 82 डिसमिल) का निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के साथ-साथ जीर्णोद्धार के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। तालाब के आसपास प्रथम दृष्टया पाए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर नियमानुसार हटाने तथा तालाब की भूमि की सुरक्षा के लिए बाउंड्री निर्माण की योजना तैयार करने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
नगर आयुक्त ने कहा कि सरकारी भूमि का उपयोग जनहित में हो तथा जलाशयों को संरक्षित एवं विकसित कर नागरिकों के लिए उपयोगी बनाया जाए, इस दिशा में निगम द्वारा आवश्यक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दोनों स्थलों पर समयबद्ध कार्रवाई एवं कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि सरकारी भूमि का संरक्षण, अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण तथा नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस परिणाम सुनिश्चित किए जा सकें।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता श्री संजीव कुमार, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, नगर प्रबंधक एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *