कोडरमा : दुर्गा पूजा से पहले कोडरमा जिले की महिलाओं के लिए राहत भरी खबर आई है। झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना के तहत जिले की हजारों लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में 2500 रुपये की किस्त ट्रांसफर कर दी गई है। खाते में राशि पहुंचते ही महिलाओं के चेहरे पर खुशी लौट आई है। त्योहार से ठीक पहले मिली आर्थिक सहायता से महिलाओं को घरेलू खर्च और खरीदारी में राहत मिलने की उम्मीद है। राशि मिलने के बाद बाजार में त्योहार की खरीदारी को लेकर भी उत्साह बढ़ा है।
हर महीने मिल रही 2500 रुपये की आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजनाओं में शामिल है। इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और परिवार के खर्च में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना है। इस आर्थिक सहायता से महिलाओं को अपनी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है।
Read More : बेतला नेशनल पार्क पर्यटकों के लिए खुला, ओपन सफारी की शुरुआत
खाते में पैसा नहीं आया तो क्या करें?
जिले की जिन लाभुक महिलाओं के बैंक खाते में अभी तक योजना की राशि नहीं पहुंची है, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। ऐसी महिलाएं अपने बैंक खाते में आधार सीडिंग और E-KYC की स्थिति की जांच जरूर करा लें। आधार सीडिंग और E-KYC की स्थिति सही होने से अगली किस्त प्राप्त करने में मदद मिल सकती है। इसलिए लाभुक महिलाओं को बैंक खाते से जुड़ी इन प्रक्रियाओं की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।





