गुमला : रांची-गुमला मुख्य मार्ग NH-23 पर भरनो थाना क्षेत्र के दुम्बो खक्सी मोड़ के समीप गुरुवार को एक खड़े कंटेनर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कंटेनर धू-धू कर जलने लगा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कंटेनर में आग लगने की खबर मिलते ही सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। आग की ऊंची लपटों को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
Read More : खूंटी में सड़क की मांग तेज, ग्रामीणों ने विधायक को बताई अपनी परेशानी
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
कंटेनर चालक के अनुसार, वाहन में अचानक शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगने की आशंका है। स्थिति को भांपते हुए चालक ने कंटेनर को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसके बाद उसने बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें तेज होती चली गईं। काफी प्रयास के बावजूद आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
सूचना के काफी देर बाद भी नहीं पहुंचा दमकल वाहन
इसके बाद अग्निशमन विभाग गुमला को घटना की सूचना दी गई। हालांकि, सूचना देने के काफी देर बाद तक दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंचा था। कंटेनर में आग की लपटें उठने से आसपास के लोगों में दहशत बनी रही। आग के कारण किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी हुई थी। फिलहाल कंटेनर में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास जारी था।



