मकवानपुर : नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 10 लोगों की जान चली गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसा भीमफेदी गांवपालिका-6 के चिसापानी गढ़ी के पास हुआ। बताया जा रहा है कि सवारियों से खचाखच भरी एक इलेक्ट्रिक वैन अचानक बेकाबू हो गई और सड़क से करीब 500 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। मिली जानकारी के अनुसार मधेश प्रदेश 03-001 ज 0880 नंबर की यह इलेक्ट्रिक वैन काठमांडू से सर्लाही जा रही थी। इसी दौरान भीमफेदी-कुलेखानी-काठमांडू सड़क पर चिसापानी गढ़ी के पास चालक गाड़ी पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते वैन सड़क से नीचे खाई में जा गिरी और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में 10 लोगों की मौत, पांच घायल
सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल के सहप्रवक्ता शैलेन्द्र थापा ने मीडिया को बताया कि दुर्घटना में कुल 10 लोगों की मौत हुई है और पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे में घायल लोगों में सर्लाही जिले के चक्रघट्टा गांवपालिका-4 सुंदरपुरटोल निवासी 33 वर्षीय मुकेश यादव, पांच वर्षीय सक्षम कुमार यादव और तीन वर्षीय सुदन यादव शामिल हैं।
घायलों की स्थिति कैसी है?
हेटौंडा अस्पताल में भर्ती मुकेश यादव के सिर और पीठ में चोट आई है। वहीं, सक्षम कुमार यादव के शरीर में अंदरूनी चोटें लगी हैं। अस्पताल के अनुसार, दोनों की हालत सामान्य बताई गई है। तीन वर्षीय सुदन यादव के सिर और मुंह में चोट आई है। उनकी स्थिति मध्यम बताई गई है। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
राहत एवं बचाव कार्य के बाद जांच शुरू
दुर्घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य चलाया। बचाव दल ने घायलों को निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।
Read More : डोरंडा में मां काली के दरबार पहुंचे रांची DC मंजूनाथ, की सुख-समृद्धि की कामना

